Spread the love

छिंदवाड़ा दौरे पर आए पूर्व सांसद ने पत्रकार वार्ता में कहा
छिंदवाड़ा । केंद्र की भाजपा सरकार ने देश में जातिगत जनगणना कराने की घोषणा आखिर कर दी। पूर्व सांसद नकुलनाथ ने इसे विपक्ष की जीत बताया और कहा कि इस मुद्दे पर विपक्षी दल लगातार अपनी आवाज उठाते रहे और आखिरकार दबाव वश सरकार को यह फैसला लेना पड़ा। यह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सोच की जीत है और हम उन्हें बधाई देते हैं। नकुलनाथ ने कमलकुंज में एक पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होने कहा कि कांग्रेस देश में हमेशा सामाजिक न्याय के पक्ष में रही है। पूर्व सांसद ने कहा कि बिहार में होने वाले आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार ने यह फैसला लिया है। हमारी मांग है कि बिहार में चुनाव के पहले जनगणना कराई जाए। नकुलनाथ ने कहा कि भाजपा पर एक लाइन सही बैठती है वह है हेडलाइन विथ आउट डेडलाइन। चाहे महिला आरक्षण की बात हो या फिर प्रदेश में ओबीसी को आरक्षण देने की बात हो। भाजपा की सरकार केवल बात करती है। 17वीं लोकसभा में महिला आरक्षण देने की बात कही गई थी। 18वीं लोकसभा शुरू हो गई इसका पता नहीं। प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया था। भाजपा सरकार ने अब तक लागू नहीं किया है। पहलगाम आतंकी हमले के मामले में उन्होनें कहा कि कांग्रेस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले में कार्यवाही का जो निर्णय सरकार लेगी हम उनका साथ देंगे।

माचागोरा के पानी पर पहला हक छिंदवाड़ा का
माचागोरा डेम का पानी सिवनी को देने के प्रश्र पर पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा कि आश्चर्य इस बात का है कि भाजपा के नेताओं केा सिवनी की जनता दिख रही है छिंदवाउ़ा की नहीं। हमारी सोच सिवनी को पानी न देने की नहीं लेकिन माचागोरा के पानी पर पहला अधिकार छिंदवाड़ा के लोगों का है किसानों का है। यदि पानी के लिए छिंदवाड़ा की जनता और खासकर किसानों को तरसना पड़े तो कांग्रेस हमेशा मुखर होकर इस मुद्दे को लेकर अपनी लड़ाई लड़ेगी। जिले में विपक्ष के रूप में कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन के प्रश्र पर उन्होनें कहा कि कांग्रेस आक्रामक है और आगे भी वह इसी अंदाज में जनता से जुड़े मुद्दों केा उठाएगी। पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, वरिष्ठ नेता गंगाप्रसाद तिवारी, मनीष पांडे,प्रदेश प्रवक्ता गुंजन शुक्ला, जिला प्रवक्ता नितिन उपाध्याय भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *