
छिंदवाड़ा। समाजसेवी बनकर आए एक व्यक्ति द्वारा गुरूद्वारा और व्यापारी के साथ लाखों रूपए की फ्राड करने का मामला सामने आया है। यहां तथाकथित समाजसेवी ने गुरूद्वारा में डोनेट करने के नाम पर शुद्ध घी खरीदा और चैक के माध्यम से भुगतान किया। मामले का खुलासा तब हुआ जब व्यापारी द्वारा बैंक में चैक लगाया गया, जो बाउंस हो गया। मामला शहर के स्टेशन रोड स्थित बीआर ट्रेडर्स का बताया जा रहा है। घटना की शिकायत व्यापारी द्वारा कुण्डीपुरा थाने में दर्ज कराई गई है। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में बीआर ट्रेडर्स के संचालक घनश्याम जाखोटिया ने बताया कि ५ मई को सिमरन सिंह नामक एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और कहा कि उसे ५११ लीटर घी चाहिए, जो उसे गुरूद्वारा में दान करना है। इतनी बड़ी मात्रा में उनके पास घी नहीं था, तो उन्होंने तीन-चार दिन का समय मांगा और इंदौर से ३ लाख ४८ हजार ३०० रूपए कीमत के ४३ कार्टून घी के बुलवाकर ८ मई को उसके कहने पर गुरूद्वारा में डिलीवर करा दिया और बाद में इसी व्यक्ति ने उक्त घी के कार्टून यह कहकर गुरूद्वारा से वापस ले लिया, कि यहां गलत डिलेवरी हो गई है। उन्होंने मामले की शिकायत कुण्डीपुरा थाना में कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि आन रिकार्ड यह पता नहीं चल पा रहा है कि उक्त तथाकथित व्यक्ति सिमरनसिंह कहां का रहने वाला है और कथित ठगी करने के बाद कहां फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
गुरूद्वारा और व्यापारियों को दिया चैक बाउंस
तथाकथित समाजसेवी ने बीआर ट्रेडर्स पहुंचकर ४३ कार्टून घी खरीदने के बाद उन्हें ३ लाख ४८ हजार ३०० रूपए का चैक ९ मई की तारीख का दिया। इतना ही नहीं इस व्यक्ति ने गुरूद्वारा में दान के रूप में 31 हजार रूपए का चैक दिया था। उसके द्वारा दिए गए दोनों चैक बाउंस हो गए। व्यवसायी श्री जाखोटिया ने बताया कि १० से लेकर १२ मई तक सरकारी छुट्टी होने से बैंक बंद थे। जब उन्होंने 13 मई को बैंक में चैक लगाया तो दूसरे दिन ही बैंक से पता चला कि उक्त चैक बाउंस हो गया है। उन्होंने कुण्डीपुरा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत कराई है।
