Spread the love

जम्मू । मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के सांबा विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी सुरजीत सिंह सलाथिया के समर्थन में मॉडर्न एजुकेशन इंस्टीट्यूट, घगवाल और गुर्हा सलाठिया रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के आजाद होने के बाद कांग्रेस पार्टी के गलत निर्णय के कारण वर्षों तक जम्मू-कश्मीर में धारा 370 का कलंक लगा रहा। नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस शिशुपाल की तरह, इस विधानसभा चुनाव में इन दोनों दलों को माफ न करें। इन्हें सबक सिखाने के लिए भाजपा की सरकार बनाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के दस वर्ष के शासनकाल में देश में एक भी दंगा नहीं हुआ। धारा-370 हटाने के समय कई राजनीतिक दल के नेता और देश विरोधी ताकतें कहती थीं कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद देश में खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के राज में एक भी पत्थर किसी ने नहीं फेंका। जनसभा को भाजपा उम्मीदवार सुरजीत सिंह सलाथिया ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का चुनाव इस बार कई कारणों से बहुत हटकर भी है। यह वह जम्मू-कश्मीर है, जिसको लेकर भाजपा वर्षों से नारा लगाती आई है कि जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है। मैं उस कश्मीर की जनता को स्वच्छ और स्थायी शासन देने के लिए भाजपा उम्मीदवार को वोट देने की अपील करने आया हूं। आजादी के समय कांग्रेस ने बहुत बड़ी गलती की थी कि जम्मू-कश्मीर और पंजाब के टुकड़े करके। जम्मू-कश्मीर हमारे देश का मुकुटमणि है। कांग्रेस के गलत निर्णय के कारण जम्मू-कश्मीर में धारा 370 और 35ए का कलंक लगा था। यहां के राजपूत रणबाकुरों ने तो इस रियासत के आनंद का 300 साल से झंडा गाड़ रखा था। यह विधानसभा का चुनाव देश विरोधी ताकतों को समाप्त करने का चुनाव है। मतदान के दिन आप सभी भाजपा के कमल के फूल के सामने का बटन दबाइए और भाजपा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाइए। भाजपा को विजयी बनाकर आप सब देश विरोधी ताकतों को समाप्त करने का कार्य करें। यह श्राद्ध का पर्व चल रहा है। अबकी बार किसका श्राद्ध करना है यह हम सब याद रख लें। आप जैसे ही कमल के फूल के सामने का बटन दबाएंगे, उधर देश विरोधी ताकतों का काम तमाम हो जाएगा।
भाजपा दिल से मुस्लिम समाज को गले लगाती है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हर समाज वर्ग के कल्याण और विकास के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ता मुस्लिम समाज के बंधुओं को दिल से गले लगाते हैं। भाजपा ने ही अब्दुल कलाम जैसे महान वैज्ञानिक को राष्ट्रपति बनाया। यह हमारी विरासत है कि पाकिस्तान के साथ युद्ध में भारत की वीरता के झंडे गाडऩे वाले अब्दुल हमीद को सर आंखों पर बैठाते हैं। यह हमारी परंपरा है और हम इस परंपरा को मानने वाले लोग हैं।
तीन खानदानों ने जम्मू-कश्मीर के लोगों का कभी भला नहीं किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस, कांग्रेस और पीडीपी जैसे तीन खानदानी पार्टियों ने इस राज्य के लोगों का कभी भला नहीं किया। यहां से धारा-370 हटने के बाद पहली बार यह सूरज उगा है और विकास का सारा पैमाना दिख रहा है। भारतीय जनता पार्टी ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ के मूल मंत्र के आधार पर हर समाज वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *