वेणुगोपाल बोले- चुनावी गड़बड़ियों के विरोध में निकाला जाएगा मार्च

नई दिल्ली। कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को कहा कि यह रैली चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ियों के विरोध में आयोजित की जाएगी। रैली के साथ मार्च भी निकाला जाएगा। कांग्रेस ने इसे देश की सबसे बड़ी रैलियों में से एक बनाने का दावा किया है। वहीं सांसद प्रियंका गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ मिलकर तैयारियों की समीक्षा की है। वेणुगोपाल ने बातचीत के दौरान कहा कि एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली के जरिए चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पद का दुरुपयोग कर चुनाव से जुड़े मामलों में गड़बड़ियां कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि कैबिनेट सचिव के एक नोट से पार्टी के इन आरोपों की पुष्टि हुई है।
रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की थी। बैठक में रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई और आयोजन को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस की रणनीति इस रैली के जरिए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की है। पार्टी का कहना है कि चुनाव से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना जरूरी है। एक नवंबर को होने वाली रैली के साथ प्रस्तावित मार्च को भी कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी की ओर से इसे बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
