Spread the love

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस फिर से पैर पसारने लगा है। नए वैरिएंट की चपेट में हर दिन नए लोग आ रहे हैं। अभी तक के रिकॉर्ड के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों में नए कोरोना से संक्रमित नए मरीजों की संख्या 1200 का क्रॉस कर चुकी है। कोविड-19 के पॉजिटिव मरीजों में से 12 की मौत हो चुकी है। केरल में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्थिति को देखते हुए सभी अस्पतालों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। ऑक्सीजन सिलेंडर जैसी जरूरी चीजों का पर्याप्त स्टॉक रखने की भी सलाह दी गई है, ताकि प्रतिकूल हालात में भी स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।कोरोना के नए वैरिएंट ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रोजाना दर्जनों नए मामले सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए विभिन्न राज्यों की ओर से हेल्थ डिपार्टमेंट को निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट रहने और कोरोना से जुड़ी चीजों (जैसे दवाई, ऑक्सीजन सिलेंडर) का स्टॉक रखने और उसकी मॉनिटरिंग करने को भी कहा है। दिल्ली से लेकर हरियाणा, बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक जैसे राज्यों में कोरोना संक्रमण के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। वहीं हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जनता और स्वास्थ्य अधिकारियों से कोविड-19 संक्रमण के प्रसार के बारे में सतर्क और सक्रिय रहने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंत्री राव ने यह भी कहा कि समय पर कार्रवाई और निवारक उपायों का सख्ती से पालन करने से वायरस के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। हाल ही में हरियाणा में कुल 16 कोविड मामले सामने आए हैं।
केरल में 400 से अधिक हुए संक्रमित
केरल एक बार फिर से नए वैरिएंट से संक्रमितों की संख्या में मामले में हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। केरल में अभी तक 400 से भी ज्यादा नए कोरोना मरीजों की पहचान की जा चुकी है। ऐसे में राज्य में और भी सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही टेस्टिंग प्रोसेस भी बढ़ाया गया है। इसके अलावा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, कर्नाटक जैसे राज्यों में भी कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। आम से लेकर खास तक कोरोना वायरस की चपेट में आ रहे हैं।
पटना में भी कोरोना के 10 नए मामले
पटना में 4 और लोगों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके बाद कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हो गई है। पटना के जिला मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि सभी मरीजों में संक्रमण का स्तर बहुत हल्का है और सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उनकी बारीकी से निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा, अब पटना में कोरोना वायरस संक्रमण से पीड़ित लोगों की कुल संख्या 10 हो गई है। उन्होंने आगे कहा, ‘हम नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह कर रहे हैं, लेकिन घबराएं नहीं, क्योंकि स्वास्थ्य प्रणाली स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।’ पटना के डीएम ने कहा कि शहर के सरकारी अस्पतालों को तैयार रहने और बिस्तर, ऑक्सीजन, दवाओं और टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। पिछले कुछ हफ्तों में देश भर में कोविड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिनमें से अधिकांश रोगियों में हल्के लक्षण हैं और वे घर पर ही ठीक हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *