महिलाओं को न ही मिले 2500 और न मिला मुफ्त गैस सिलेंडर
भाजपा ने दिल्ली के लोगों का जीवन नरक बना दिया – आतिशी

नई दिल्ली। दिल्ली में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे हो गए हैं। इससे पहले कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी बता दिया गया है कि चुनाव में जो वादे किए गए थे उनमें से प्रमुख वादे तो पूरे ही नहीं हुए हैं। इनमें महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सहायता और मुफ्त गैस सिलेंडर प्रमुख हैं।
दिल्ली में भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार ने भले ही 100 दिन पूरे कर लिए हों, लेकिन कई वादों पर अब तक अमल नहीं हो पाया है और वे केवल बजट आवंटन या घोषणाओं तक सीमित नजर आ रहे हैं। दरअसल चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने महिलाओं को 2500 मासिक सहायता, गरीब महिलाओं की पेंशन में वृद्धि, गर्भवती महिलाओं को ₹21,000 आर्थिक मदद व 6 पोषण किट देने की घोषणा की थी। इन योजनाओं के लिए बजट भी आवंटित कर दिया गया है, लेकिन लाभार्थियों को अब तक कोई राशि नहीं मिली है। बताया गया है कि योजनाओं से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं अभी प्रगति में हैं।
इसी तरह भाजपा ने वादा किया था कि होली और दिवाली पर महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। होली का त्योहार बीत चुका है, लेकिन न तो मुफ्त सिलेंडर दिए गए और न ही ₹500 में सस्ते सिलेंडर की योजना लागू हो पाई है।
वैसे इस पर सरकार तो यही कह रही है कि सभी योजनाओं पर कार्य जारी है और जल्द ही इन्हें लागू किया जाएगा। इस पर विपक्ष आरोप लगा रहा है कि सरकार ने केवल घोषणाएं की हैं, जमीनी स्तर पर कोई काम शुरु ही नहीं किया गया है।
भाजपा ने दिल्ली के लोगों का जीवन नरक बना दिया – आतिशी

दिल्ली सरकार के खिलाफ आप ने पेश किया 100 दिन का विफलता कार्ड
नई दिल्ली। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार अपने 100 दिन पूरे करने वाली है। इस लेकर बीजेपी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाने का प्लान तैयार कर रही है। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) बीजेपी सरकार को घेरने में जुटी है। आप ने भाजपा की दिल्ली सरकार के असफलता से भरे 100 दिनों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया है। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली के लोगों का जीवन नरक बना दिया है।
आतीशी ने कहा कि गुरुवार को आप भाजपा सरकार के पहले 100 दिनों की विफलता का रिपोर्ट कार्ड जारी कर रही है। दिल्ली में भाजपा सरकार हर पहलू में विफल साबित हुई है। हम इस रिपोर्ट कार्ड को दिल्ली के हर घर तक ले जाएंगे। दिल्लीवासियों को आज लग रहा है कि उन्होंने भाजपा को वोट देकर गलती की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था का ठप्प और बिजली महंगी हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 8 मार्च तक 2500 रुपये देने और होली पर मुफ्त सिलेंडर देने का वादा पूरा नहीं किया। निजी स्कूलों ने फीस बढ़ाई गई।
पूर्व सीएम ने कहा कि दिल्ली में पानी की त्राहि-त्राहि, सप्लाई में कमी आई है। दिल्लीवालों के घरों में सीवर का गंदा पानी आ रहा है। प्रदूषण का बढ़ता स्तर, मई के महीने में ही एक्यूआई 500 पार हो गया है। बस मार्शल और मोहल्ला क्लीनिक कर्मियों को बेरोजगार कर दिया। 25,000 विधवा महिलाओं की विधवा पेंशन बंद कर दी। सरकारी कार्यालयों से बाबा साहब और भगत सिंह की तस्वीरें हटवाईं है। बीजेपी सरकार 100 में अपने वादे पूरे नहीं किए बल्कि दिल्ली की जनहितकारी योजनाओं को बंद और कर दिया।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी की चार इंजन की सरकार हर रोज़ झूठ बोल रही है। इन लोगों ने अपनी 100 दिनों की सरकार में कम से कम 100 झूठ बोले हैं। अभी पिछले दिनों मोहल्ला क्लीनिक के कर्मचारियों से सीएम ने कहा था कि किसी को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। अब आज ही खबर आई है कि 2000 से ज़्यादा कर्मियों को निकाला जा रहा है।
