एक्सपायरी डेट का पैक्ड दूध ग्राहक को बेचने की हुई थी शिकायत


दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशों के तहत् खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल ने दमोह शहर स्थित किराना दुकानों में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए किराना दुकानों में विक्रय की जा रही खाद्य सामग्री की जांच की है। कार्यवाही में सिविल वार्ड नंबर 4 स्थित आकृति किराना का निरीक्षण किया गया है। उक्त दुकान में एक्सपायरी डेट का पैक्ड दूध ग्राहक को बेचने की सी एम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज हुई थी। निरीक्षण के दौरान परिसर से मौके पर विक्रय हेतु संग्रहित अमूल टोंड दूध के नमूनें जांच हेतु लिए गए हैं। मौके पर परिसर में एक्सपायरी डेट के मसाले,मैदा,अचार,पोहा,सोया सॉस,बेकिंग पाउडर,चायपत्ती, विनेगर आदि की 9.5 किलो मात्रा मूल्य 2268 रुपए संग्रहित पाए जाने पर विनष्टीकरण किया गया है। इसी तरह बालाकोट रोड, किल्लाई नाका स्थित नमो मार्ट का निरीक्षण करके सौंफ के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री के विक्रय एवं भंडारण नहीं करने के सभी किराना दुकानदारों को दिशा निर्देश दिए गए हैं।
