
गुटबाजी सहन नहीं, संगठन में सिफारिश नहीं चलेगी
चंडीगढ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को हरियाणा दौरे पर रहे। उन्होंने करीब 3 घंटे तक चंडीगढ़ में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत राज्य के नेताओं और ऑब्जर्वरों की मीटिंग ली। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने बैठक में कहा है कि संगठन बनाने में किसी नेता की सिफारिश नहीं चलेगी। अगर किसी ने ऐसा किया तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राउंड में जाकर ऐसे वर्कर खोजे जाएं, जो कांग्रेस के लिए काम करते हों, ना की किसी नेता के लिए।
राहुल गांधी से मीटिंग के बाद प्रदेश प्रभारी बीके हरि प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रदेश प्रभारी बीके हरि प्रसाद ने कहा कि गुजरात से संगठन सृजन अभियान शुरू हुआ है। पहले नेता प्रतिपक्ष और पीसीसी नेता जिला अध्यक्ष चुनते थे, मगर अब 30 जून से पहले जिला अध्यक्ष बनाएंगे। हर जिले में 6 लोगों का पैनल बनेगा। 35 से 55 साल के लोग जिला अध्यक्ष बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा की विचारधारा को न मानने वाले समाजसेवी और खिलाड़ी भी जिला अध्यक्ष के लिए आवेदन कर सकते हैं। एससी-एसटी की महिलाओं पर भी फोकस किया जाए।
गुटबाजी पर एक्शन लिया जाएगा
उन्होंने कहा कि गुटबाजी का नाम कांग्रेस के काम के बीच नहीं आना चाहिए। अगर आएगा तो एक्शन लिया जाएगा। ऐसा राहुल गांधी ने कहा है। कांग्रेस के जो लोग छोड़ के गए हैं, वह आ सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि आज गौरवपूर्ण दिवस था। पहली बार राहुल गांधी आए। टाइट शेड्यूल था। फिर भी हरियाणा को पूरा समय दिया। हरियाणा में संगठन नहीं होने से बेचैनी थी। राहुल गांधी का आना यह दिखाता है की कांग्रेस संगठन को लेकर गंभीर है।
