
पटना। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि 2014 के बाद से जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तब से जितने भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, सभी को हाईजैक किया गया है। तेजस्वी ने कहा कि चुनाव आयोग इलेक्शन का घोषणा करता है और चुनावी तारीखों का ऐलान करता है। लेकिन, उससे पहले बीजेपी के आईडी सेल को पता होता है कि चुनाव कब होना है।
तेजस्वी ने कहा कि संवैधानिक संस्थानों को ईमानदारी से चुनाव कराना चाहिए। उन्हें अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए। अगर संवैधानिक संस्थाएं ही बर्बाद हो जाएगी, तब फिर लोगों को न्याय कहां मिलेगा। कोई भी अधिकारी किसी की बातों में ना आए ये होना चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि जब 2020 में मतों की गिनती हो रही थी तब हम लोग सरकार बना लिए थे लेकिन पहली बार तब चुनाव आयोग ने तीन बार प्रेस कांफ्रेंस कर सफाई दी थी। उस वक्त हमलोग जीत रहे थे लेकिन शाम में अचानक गिनती रोक दी गई फिर देर रात गिनती शुरु की गई। रात को 11-12 बजे गिनती शुरु हुई और जो हमारे जीते हुए उम्मीदवार थे उनमें से किसी को 12 वोट से, किसी को 100 वोट से किसी को 500 वोट से हारने की घोषणा कर दी गई। जो उम्मीदवार शाम तक जीत रहे थे वे रात में हार गए।
