Spread the love

बोगोटा। कोलंबिया में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार मिगुएल उरीबे को शनिवार को बोगोटा में गोली मारी गई। वे हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। सरकार ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे ‘हमला’ करार दिया है। गोलीबारी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। विदेश मंत्री लौरा सराबिया ने सोशल मीडिया पर कहा, हिंसा कभी समाधान नहीं होता। मैं सच में उम्मीद करती हूं कि उरीबे जल्द ही ठीक हो जाएं और खतरे से बाहर हों।
घायल उरीबे को फौरन शहर के एक मेडिकल सेंटर ले जाया गया। बोगोटा के मेयर कार्लोस गालान ने एक्स पर जानकारी दी कि उरीबे को इमरजेंसी इलाज मिल रहा है और जरूरत पड़ने पर उन्हें किसी बड़े अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए राजधानी की पूरी मेडिकल व्यवस्था अलर्ट पर है। बोगोटा पुलिस ने एक संदिग्ध को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, केंद्रीय सरकार ने बयान जारी कर कहा है कि हमले में शामिल बाकी दोषियों की गिरफ्तारी में मदद के लिए इनाम की घोषणा की गई है।
शनिवार को कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक चुनावी रैली के दौरान देश के संभावित राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और सत्ताविरोधी सीनेटर मिगुएल उरीबे तुरबाय पर जानलेवा हमला कर दिया गया। यह हमला फॉन्टिबोन इलाके के एक सार्वजनिक पार्क में हुआ, जहां उरीबे अपने समर्थकों के बीच मौजूद थे और भाषण दे रहे थे। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लगातार गोलियों की आवाज सुनाई दे रही है। कुल आठ फायरिंग की आवाज सुनाई देती है। उरीबे की पार्टी ‘डेमोक्रेटिक सेंटर’ के मुताबिक, ‘कुछ हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें पीछे से गोली मारी।’ वीडियो में देखा जा सकता है कि पहली गोली उनके सिर पर पीछे से लगी। हमले के बाद सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें वायरल हुईं, उनमें उरीबे खून से लथपथ दिखाई दे रहे हैं। सिर और पीठ में गंभीर चोटें नजर आ रही हैं।मिगुएल उरीबे (39) कोलंबिया के कंजर्वेटिव पार्टी ‘डेमोक्रेटिक सेंटर’ से सांसद हैं, जिसे पूर्व राष्ट्रपति अल्वारो उरीबे ने स्थापित किया था। मिगुएल की मां डायना तुरबाय एक जानी-मानी पत्रकार थीं। 1991 में पाब्लो एस्कोबार के मेडेलिन कार्टेल की ओर से उन्हें अगवा कर लिया गया था। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *