
छिंदवाड़ा। मप्र शासन के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने भाजपा जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया। प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकसित भारत के अमृत काल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के विकास की नई यात्रा तय की है। मोदी सरकार की हर योजना के केन्द्र में जनकल्याण और आम नागरिक के जीवन को आसान करने के साथ- साथ देश को वैश्विक स्तर पर नए आयाम देने की भावना रही है। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में मोदी सरकार ने सीमा सुरक्षित की, अर्थव्यवस्था मजबूत की, और टेक्नोलॉजी को जन-जन तक पहुंचाया।

प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों और एयरबेस को ध्वस्त कर यह दिखा दिया कि अब मोदी का यह नया भारत शांति की बातें नहीं बल्कि घर में घुसकर आतंक का सफाया करता है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत अपनी और पाकिस्तान दोनों की शक्ति का परीक्षण का परीक्षण कर लिया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान को स्पष्ट और सख्त संदेश भी दिया कि आतंक, पानी और व्यापार एक साथ नहीं चल सकते, खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। पूरे विश्व को प्रधानमंत्री मोदी जी ने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय धरती पर किसी भी हमले को युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। उन्होंने कहा कि एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम, ‘ब्रह्मोस, आकाश मिसाइल, आइएनएस विक्रांत, तेजस और, प्रचंड’ अटैक हेलीकॉप्टर जैसे स्वदेशी तकनीकों के साथ अब भारत न केवल आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति के रूप में उभर रहा है बल्कि आज रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है। आज भारत का रक्षा निर्यात 34 गुना बढ़कर ₹23,622 करोड़ तक पहुंच गया है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रणनीतिक दूरदर्शिता और कूटनीतिक तैयारी और नतीजा हैं। उन्होंने कहा की संकट काल के दौरान मोदी सरकार ने अपने नागरिकों को विश्वभर के हर कोने से सुरक्षित निकालकर यह सिद्ध किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार केवल सीमाओं के भीतर नहीं, विश्व भर में भारतीयों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। रूस यूक्रेन युद्ध के दौरान ऑपरेशन गंगा, अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के समय ऑपरेशन देवी शक्ति और कोविड में वंदे भारत मिशन के जरिए मोदी सरकार करोड़ों भारतीयों को विदेशों से सुरक्षित लेकर आई। रूस यूक्रेन युद्ध के दौरान तो अन्य देशों के नागरिक भी भारतीय झंडे को लहराकर अपना बचाव कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक समय था जब देश के 96 जिले नक्सलवाद की चपेट में थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की निर्णायक नीति, सुरक्षा बलों की सशक्त कार्रवाई और विकास की डबल रणनीति के कारण अब नक्सल प्रभावित जिले घटकर गिनती के रह गए हैं। नक्सल घटनाओं में 70 प्रतिशत की कमी आ गई है।
प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि 2 सौ वर्षों तक जिस इंग्लेंड ने हमारे देश पर राज किया उसे पीछे छोड़कर हम विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए। उन्होंने बताया कि वैश्विक डिजिटल लेनदेन के 49% लेनदेन भारत में होते हैं। देश का वस्तु और सेवा निर्यात 825 अरब डॉलर तक पहुंचा। उन्होंने बताया कि देश में यूपीआई लेनदेन ₹24 लाख करोड़ तक पहुंच गया है। मोबाइल यूजर्स 116 करोड़ हो चुके हैं, डेटा लागत 2014 में ₹308 प्रतिजीबी से 97 प्रतिशत घटकर 2022 में ₹9.34 प्रतिजीबी हो गई है और देश में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या 2014 में 25.5 करोड़ से 285% बढ़कर 2024 में 97 करोड़ हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के ई बाजार जैम पोर्टल से खरीद में भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे पर ₹64,180 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर आज मोदी सरकार में समावेशी विकास का अहम हिस्सा बन चुका है। राइजिंग नॉर्थ ईस्ट इन्वेस्टर्स समिट 2025 ने ₹4.3 लाख करोड़ निवेश आकर्षित किया। उग्रवाद में 64% कमी आई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर राज्यों में ₹44,859 करोड़ से अधिक की 3,613 से अधिक परियोजनाओं को मंजूरी दी है, मोदी सरकार ‘लुक ईस्ट’ को अब ‘लीड ईस्ट’ में बदल रही है और पिछले 11 वर्षों में 10 ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण किया गया है। असम में 15 नए अस्पतालों के साथ दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा कैसर देखभाल नेटवर्क बनाया जा रहा है, इनमें से 8 का उद्घाटन हो चुका है और 7 अभी निर्माणाधीन है।
