Spread the love

भोपाल। आगर-मालवा की सुसनेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार ने खुले मंच से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तारीफ की है। उनका एक वीडियो सामने आया है, इसमें वे कहते दिख रहे हैं कि वे कांग्रेसी होते हुए भी संघ से जुड़े हैं। इस वीडियो को बीजेपी ने तंज कसते हुए एक्स पर शेयर किया और राहुल गांधी को टैग करते हुए लिखा कि जिस संघ को राहुल गांधी दिन-रात कोसते हैं, उसी संघ से कांग्रेस के विधायक जुड़े हुए हैं और उसकी प्रशंसा कर रहे हैं। बीजेपी ने राहुल गांधी को सलाह दी कि अब नींद से जागिए और अपनी पार्टी में स्लीपर सेल और ‘घोड़े’ मत ढूंढिए।
वीडियो करीब 10 दिन पुराना बताया गया है। कांग्रेस विधायक परिहार आगर मालवा में राजपूत महासभा के एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि आप भी संघ से जुड़े हुए हैं। मैं आपका सम्मान करता हूं। मैं भी संघ से जुड़ा हुआ हूं। कांग्रेसी होते हुए भी संघ से जुड़ा हूं। संघ के लिए मैंने काम किया है। पहले संघ के एक कार्यक्रम में आया था, उसमें मुख्यमंत्री भी थे। परिहार ने कहा कि मैंने कई पदाधिकारियों के साथ मिलकर काम किया है। दो साल पहले जब दारा सिंह मुख्यमंत्री से मिलने आए थे और गरोठ के विधायक को पुलिस उठाने आई थी, तब मैंने संघ के लिए कॉम्प्रोमाइज करवाया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेसी तो गिनती के बचे हैं। अगर मैं संगठन में आ गया तो मंडल अध्यक्ष पूछेगा- कौन आया है ये?
आपकी पार्टी में भी कुछ अच्छे लोग
बीजेपी प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने इस वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि सुसनेर से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार खुले मंच से कह रहे हैं कि वे संघ से जुड़े हैं। हो सकता है, आपकी पार्टी में कुछ अच्छे लोग भी हों। हालांकि, ये भी हो सकता है कि वे अच्छे लोग आपके दिल में न हों।
पहली बार के विधायक हैं भैरो सिंह
भैरो सिंह आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने साल 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के विक्रम सिंह राणा ‘ गुड्डू भैया’ को हराया था। वे करीब 10 दिन पहले गरोठ में सोंधिया समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसमें सभी राजनीतिक दलों और संगठनों के लोग शामिल थे। विधायक के इस बयान की कांग्रेस संगठन में शिकायत भी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *