Spread the love

फॉरेस्ट गार्ड भर्ती में 113 रिजल्ट होल्ड करने पर कमलनाथ बोले
भोपाल । मप्र में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में लगातार घोटालों के आरोपों के बीच अब फॉरेस्ट गार्ड भर्ती भी विवादों में आ गई है। पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2023 में गड़बड़ी उजागर होने के बाद अब फॉरेस्ट गार्ड भर्ती में भी फर्जीवाड़े की आशंका जताई जा रही है। इसी कारण 113 अभ्यर्थियों का रिजल्ट फिलहाल होल्ड कर दिया गया है। इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है।
कमलनाथ ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब तक रोज नया घोटाला न कर लें, बीजेपी सरकार के पेट का पानी हज़म नहीं होता। एक घोटाला ज़ोर का, काम इनका रोज़ का… अब फॉरेस्ट गार्ड भर्ती के 113 पद होल्ड किए गए हैं। यहां भी फर्जीवाड़े का डर है।
सरकारी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह दूषित हो चुकी
कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया अब भरोसे के लायक नहीं रही। हर भर्ती में धांधली की आशंका रहती है। यह व्यवस्था अब पूरी तरह बदलने की जरूरत है और ऐसा तभी संभव है जब भ्रष्टाचार में डूबी इस सरकार को हटाया जाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने इससे पहले भी 12 जून को आरक्षक भर्ती परीक्षा 2023 में सामने आई गड़बड़ी को लेकर ट्वीट किया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा ने मध्यप्रदेश की पहचान घोटालों से जोड़ दी है। अब आरक्षक भर्ती घोटाले की नई परतें खुल रही हैं। 2023 में हुए चयन के बाद 561 अभ्यर्थी नौकरी जॉइन करने ही नहीं पहुंचे। जिस प्रदेश में एक-एक पद के लिए हजारों बेरोजगार कतार में खड़े हों, वहां इतने लोगों का न आना गड़बड़ी की तरफ़ इशारा करता है।
सॉल्वर गैंग और फर्जी दस्तावेज की आशंका भी जताई
कमलनाथ ने आशंका जताई कि हो सकता है कि यहां भी सॉल्वर गैंग ने परीक्षा दिलवाई हो या फिर फर्जी आधार कार्ड और पहचान के ज़रिए ऐसे लोग पास हुए हों, जो असल में परीक्षा में बैठे ही नहीं थे। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *