
दमोह। हटा थाना क्षेत्र के सुभाष वार्ड निवासी एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर परिजन 44 वर्षीय राजेश नामदेव को जिला अस्पताल लेकर आए थे, जहां डॉक्टर ने चेकअप के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पीएम कराए ही शव ले जाने लगे जिसे चौकी पुलिस ने रोका लेकिन परिजन अपनी जिद पर अड़े रहे, कोतवाली पुलिस को बुलाया गया और काफी समझाइश के बाद परिजन को शव पीएम कराने राजी किया गया। इस बीच करीब एक घंटे तक जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर स्ट्रेचर पर शव रखे परिजन रोते चिल्लाते रहे। पुलिस और लोगों की भीड़ खड़ी रही। बताया गया है कि पानी की मोटर चालू करते समय करंट लगा है। जिससे परिजन पहले एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां से जिला अस्पताल ले जाने कहा था। शव को शवगृह में रखने से पहले ही परिजन स्ट्रेचर खींचते हुए गेट के पास ले आए और शव को बिना पीएम कराए ले जाने लगे। इस बीच पुलिस के पहुंचने पर मृतक का बेटा बार बार बोलता रहा हमें पीएम नहीं करवाना है पिता के शरीर पर एक खरोंच भी नहीं आनी चाहिए, पहले वह हाथ जोड़ता रहा बाद में एक पुलिस कर्मी के पैर पकड़ लिए और जाने की जिद करता रहा। इधर स्ट्रेचर पर लेटे शव से लिपटकर पत्नी और बहन बार-बार बोलती रहीं एक बार तो उठ जाओ तुम्हें कुछ नहीं हुआ है।समझाइश के बाद परिजन पीएम कराने को तैयार हुए। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच में लिया है।
