Spread the love

बेहतर विद्युत आपूर्ति एवं त्वरित सुधार कार्यों पर दिया विशेष जोर

दमोह : म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड सागर संभाग के मुख्य अभियंता देवेंद्र कुमार ने दक्षिण संभाग दमोह का औचक निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मर सुधार, उपभोक्ता शिकायत निवारण तथा सुरक्षा मानकों की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, सतत् एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

            मुख्य अभियंता सागर क्षेत्र देवेंद्र कुमार ने सर्वप्रथम जबलपुर नाका स्थित 8 नंबर फीडर का निरीक्षण किया, जो शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति को अलग करता है। मुख्‍य अभियंता द्वारा क्षेत्र में किए गए तकनीकी सुधारों की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि फीडर के रखरखाव एवं लाइन लॉस को कम करने हेतु ठोस कार्ययोजना लागू की जाये ताकि उपभोक्ताओं को और बेहतर सेवा मिल सके। इसके पश्चात मुख्‍य अभियंता ने लोकल ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग यूनिट (एल.टी.आर.यू) का निरीक्षण कर ट्रांसफार्मर मरम्मत की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा मरम्मत की गति बढ़ाई जाए एवं खराब ट्रांसफार्मरों को यथाशीघ्र बदला जाए, जिससे ट्रांसफार्मर फेल होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को न्यूनतम समय में पुनः बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने एल.टी.आर.यू में कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

            किल्‍लाई नाका स्थित दमोह शहर वितरण केंद्र का निरीक्षण कर फ्यूज ऑफ कॉल सेंटर का भ्रमण किया। यहां उपस्थित कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की शिकायतें त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर अटेंड की जाएं। साथ ही फाल्ट अटेण्‍ड करने के समय में कमी लाने, सुधार कार्यों में तेजी लाने तथा प्रत्येक उपभोक्ता को समयबद्ध एवं संतोषजनक सेवा उपलब्ध कराने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान किल्‍लाई नाका स्थित एल.टी.एम.टी. लैब का भी भ्रमण किया । मीटर परीक्षण एवं सीलिंग कार्यों की बारीकी से समीक्षा की एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मीटर की जांच निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से की जाए तथा तकनीकी गड़बड़ियों को पूरी तरह समाप्त किया जाए। इसके अतिरिक्त  मुख्य अभियंता सागर क्षेत्र देवेंद्र कुमार द्वारा जबलपुर नाका, किल्लाई नाका एवं बांदकपुर सब-स्टेशनों का निरीक्षण कर सब-स्टेशन ऑपरेटरों के सुरक्षा उपकरणों, ट्रिपिंग रजिस्टर एवं लोड रजिस्टर का गहन अवलोकन किया। मुख्‍य अभियंता ने कहा कि सुरक्षा मानकों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए, जिससे विद्युत प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या जोखिम की संभावना समाप्त हो जाये। मुख्य अभियंता देवेंद्र कुमार ने दोहराया कि म.प्र.पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति देने हेतु संकल्पित है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना से कार्य करते हुए उपभोक्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरें, यह आवश्यक है।

            इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता सुभाष नागेश्वर, कार्यपालन अभियंता एम.एल. साहू, कार्यपालन अभियंता (एस.टी.सी.-एस.टी.एम.) मोहन सुलिया, सहायक अभियंता आर.के. अरोरा, आर.के. दुबे सहित अन्य तकनीकी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *