Spread the love

मौसम ऐप को डाउनलोड करने से आपको मौसम का पूरा हाल पहले से पता हो जायेगा

किसी भी प्रकार की समस्या होने पर दमोह हेल्पलाइन 07812-350300 पर करें संपर्क

दमोह: अगले 2-3 दिन भारी बारिश की चेतावनी है और बिजली चमकने और अत्यधिक वर्षा होने का अंदेशा है, इस संबंध में मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है। बरसात के मौसम को देखते हुये कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने जिलवासियों से कहा है आमजन मौसम ऐप सभी लोग डाउनलोड करलें। मौसम ऐप भारत सरकार का ऐप है और ऐप से मौसम संबंधित सारी जानकारियां चुटकियों में मिल जाती है, ऐप को डाउनलोड करने से आपको मौसम का पूरा हाल पहले से पता हो जायेगा।

            कलेक्टर श्री कोचर ने कहा इस मौसम में कई जगहों पर झरने, नदियां भर जाती हैं, झरने चलने लगते हैं, वाटरफॉल चालू हो जाते हैं, कृपया ऐसी जगहों पर बिल्कुल न जाएं क्योंकि यह खतरनाक हो सकता है, इसी प्रकार से पुल पुलियों के ऊपर से कई बार पानी बहता है, इसको भी बिल्कुल भी पार ना करें। यदि पानी बह रहा हो तो यह बहुत खतरनाक हो सकता है, हमको अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी है, दुर्घटना से देर भली। उन्होंने कहा इस संबंध में सारी व्यवस्थाएँ की जा रहीं हैं, सभी निर्माण विभागों को निर्देशित किया है कि जिन पुल पुलियों पर दिक्कतें आती हैं, पानी ऊपर से बहता है, वहाँ पर सावधानी सूचक चिन्ह लगवाये जायें ताकि लोग परेशान न हो और आवश्यकता हो तो बैरियर भी लगवाये जायें। कलेक्टर श्री कोचर ने जिले के सभी एस.डी.एम को निर्देश दिये हैं कि वाटरफॉल की कड़ी निगरानी की जाये और वहाँ पर आवागमन को जनहित में लोक स्वास्थ्य की दृष्टि से प्रतिबंधित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि किसी प्रकार से  जानमाल का नुकसान ना होने पाये । कलेक्टर श्री कोचर ने कहा घरों में ऐसी महिलाएं जिनकी डिलेवरी होने वाली है, जो 7 वें, 8 वें, 9 वें महीने में चल रही हैं, जिनका प्रसव होने वाला है और जो बहुत दूरस्थ अंचलों में रहती हैं, ऐसी महिलाओं के लिये स्वास्थ्य विभाग की पूरी व्यवस्था है, इन महिलाओं को तत्काल बर्थ वेंटिग सेंटर जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेवल पर या जिला चिकित्सालय में हैं वहाँ भेजे या फिर उनको अपने निकट रिश्तेदारों के घर में भेज दें, ताकि वहाँ से उनको एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल तक लाना आसान हो सके। उन्होंने कहा किसी को भी खटिया के ऊपर या मोटर साइकिल के ऊपर या साईकिल से लेकर और जान जोखिम में डाल करके अस्पताल लाने की जरूरत ना पड़े।

            उन्होंने कहा इस मौसम में सर्पदंश की घटनाएं भी बहुत होती हैं, सांप के डसने से बहुत मृत्यु होती है, खेतों, खलिहानों या कहीं पर भी ऐसी जगहों पर जाते हैं जहाँ पर घास है या घना जंगल है, इस तरह की चीजों में बहुत सावधानी बरतें ताकि किसी भी प्रकार से सर्पदंश से आमजन  प्रभावित ना होने पायें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर दमोह हेल्पलाइन 07812-350300 पर अवश्य संपर्क किया जा सकेगा। ऐसे मौसम में आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु की घटनाएं भी बहुत जिले में होती हैं, ऐसी स्थितियों में इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए कि पेड़ के नीचे खड़े होना या इस तरह की कोई स्थिति यदि बनती हैं तो कई बार बिजली गिरने से मृत्यु होने के अंदेशा रहता हैं। इस बारे में थोड़ी सावधानी बरतने की आवश्यकता है ताकि आमजन आकाशीय बिजली के शिकार ना हों और ऐसी स्थिति यदि बनती है तो कृपया घर के अंदर ही रहें, थोड़े समय बाहर ना निकलें ताकि जब वातावरण और मौसम सामान्य हो उसी के बाद बाहर जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *