Spread the love

ट्रंप को लगा कि इजराइल तबाह हो जाएगा
तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई ने सीजफायर के बाद गुरुवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से बयान देकर दावा किया कि उनके देश ने इजराइल पर जीत दर्ज की है और अमेरिका को भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि ईरान ने जंग में अमेरिका के मुंह पर जोरदार तमाचा मारा है। खामनेई ने यह टिप्पणी युद्धविराम की घोषणा के बाद की, जो अमेरिकी मध्यस्थता से लागू हुआ था।
अपने वीडियो संदेश में खामनेई ने कहा, इस्लामी गणराज्य विजयी रहा और बदले में अमेरिका के चेहरे पर तमाचा मारा। उनका यह बयान उन खबरों के बाद आया जिसमें कहा गया था कि ईरान ने कतर स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइल हमला किया था। हालांकि, इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई।
खामनेई ने कहा कि अमेरिका ने केवल इसलिए हस्तक्षेप किया, क्योंकि ट्रंप को लगा कि अगर अमेरिका ने हस्तक्षेप नहीं किया, तब जायोनिस्ट शासन (इजराइल) पूरी तरह तबाह हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका को इस युद्ध से कोई लाभ नहीं हुआ।
दरअसल सुप्रीम लीडर खामेनेई 13 जून को युद्ध शुरू होने के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाई दिए थे। युद्ध की शुरुआत इजराइल द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों और शीर्ष सैन्य वैज्ञानिकों और अधिकारियों पर हमले के साथ हुई थी। इसके बाद से बताया गया कि खामेनेई एक गुप्त स्थान पर थे।
19 जून को उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी किया था, लेकिन वह उनके बंकर से ही रिकॉर्ड हुआ था। अब गुरुवार को उन्होंने एक और वीडियो संदेश जारी किया, जिसकी पहले से घोषणा ईरानी सरकारी चैनल और उनके सोशल मीडिया पेजों पर हुई थी। वीडियो में उन्होंने इजराइल पर जीत के लिए अपने नागरिकों को बधाई देकर कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है जिसमें इस्लामी गणराज्य ने अपने दुश्मनों को साफ संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *