
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के पास न्यायिक और वकील कोटे से भेजे गए 13 नाम
भोपाल। मप्र हाईकोर्ट में लंबे समय से खाली चल रहे न्यायाधीशों के पद जल्द ही भरे जा सकते हैं। हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को 13 नामों की सूची भेजी है, जिसमें वकील और न्यायिक कोटे के नामों की सिफारिश की गई है। वर्तमान में हाईकोर्ट में 53 पद स्वीकृत हैं। 30 जून को जस्टिस संजय द्विवेदी के रिटायरमेंट के बाद अब हाईकोर्ट में 33 न्यायाधीश कार्यरत हैं। आने वाले महीनों में भी कुछ और जज रिटायर होने वाले हैं, जिससे यह संख्या और कम हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, अगस्त में जस्टिस दिनेश कुमार पालीवाल और जस्टिस पीएन सिंह सेवानिवृत्त होंगे। वहीं, दिसंबर में जस्टिस अचल कुमार पालीवाल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। ऐसे में हाईकोर्ट में न्यायिक कार्यों पर असर पडऩे की आशंका बनी हुई है।
13 नामों की सिफारिश भेजी गई
मप्र हाईकोर्ट को नए जज मिलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के पास प्रदेश से 13 नामों की सिफारिश भेजी गई है। इनमें वकील कोटे से 8 और न्यायिक सेवा से 5 अधिकारियों के नाम शामिल हैं। अब इन नामों पर अंतिम निर्णय सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को लेना है। वकील कोटे से जो नाम भेजे गए हैं उनमें मणिकांत शर्मा, पुष्पेंद्र यादव, जयकुमार पिल्लई, निधि पाटनकर, अजय निरंकारी, अमित लोहाटी, आनंद सिंह और हिमांशु जोशी शामिल हैं। वहीं न्यायिक सेवा कोटे से जो नाम भेजे गए हैं उनमें राजेश कुमार गुप्ता, आलोक अवस्थी, रत्नेश चंद्र सिंह बिसेन, बीपी शर्मा और प्रदीप मित्तल शामिल हैं।
न्यायिक प्रक्रिया में तेजी की उम्मीद
हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढऩे से लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद है। फिलहाल, हाईकोर्ट पर बढ़ते दबाव को देखते हुए जल्द नियुक्तियों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की मंजूरी के बाद इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
