
प्राथमिक शाला तल्लाबोड़ी का मामला …….बीआरसी और जनशिक्षक ने किया था आकस्मिक निरीक्षण
बालाघाट। शिक्षकों की लापरवाही का नजारा उस समय देखने मिला, जब बीआरसी और जनशिक्षक विद्यालय के आकस्मिक निरीक्षण पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान शाला एक माह से बंद मिली। जिसके चलते शाला में पदस्थ दोनों ही शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। मामला जिले के जनपद शिक्षा केन्द्र परसवाड़ा के शासकीय प्राथमिक शाला तल्लाबोड़ी का है।
जाकनारी के अनुसार बीआरसी अरूण कुमार बिठले और जनशिक्षा केंद्र टंटाटोला के जनशिक्षक आरके बल्ले ने 12 जुलाई को दोपहर 1.30 बजे शासकीय प्राथमिक शाला तल्लाबोड़ी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शाला बन्द पाई गई और शाला में ताला लगा हुआ था। शाला में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक संतोष मेश्राम और ओमप्रकाश कटरे अनुपस्थित पाए गए। शाला में मध्याह्न भोजन भी बंद पाया गया। बीआरसी एवं जनशिक्षक द्वारा इस संबंध में गांव के लोगों से जानकारी ली गई तो ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि शाला लगभग 1 माह से बन्द है और शिक्षक भी शाला में नहीं आते हैं। शाला में 5 छात्र दर्ज हैं।
बीआरसी बिठले ने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। दोनों शिक्षकों को 14 जुलाई तक अपना जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है। समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इन शिक्षकों के विरुद्ध एक पक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
