कमलनाथ ने पूछा- क्या प्रकाशक तय करेगा कि क्या लिखा जाए?

नई दिल्ली । कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आगामी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के प्रकाशन को लेकर अब सियासी घमासान शुरु हो गया है। किताब को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्टों और पेंग्विन रैंडम हाउस इंडिया की सफाई के बाद कांग्रेस नेताओं ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सरकारी दबाव को लेकर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता गहलोत ने दावा किया कि पेंग्विन दरअसल पीएम, आरएसएस और चीन से जुड़े हिस्से किताब से हटवाना चाहता था। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने सीधा सवाल किया कि क्या प्रकाशक तय करेगा कि क्या लिखा जाए और क्या नहीं?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पेंग्विन के बयान के बाद कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने दावा किया कि पेंग्विन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस और मोदी सरकार के दौरान चीन द्वारा भारतीय क्षेत्र पर कथित कब्जे से संबंधित हिस्सों को हटाने का दबाव था। गहलोत के मुताबिक, सोनिया गांधी ने इन बदलावों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद भारत में किताब के प्रकाशन से कंपनी पीछे हट गई। गहलोत ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए सवाल उठाया कि जब किताब विदेश में उसी प्रकाशन समूह के इम्प्रिंट के तहत प्रकाशित हो रही है तो भारत में इसके प्रकाशन को लेकर स्थिति अलग क्यों है।
वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी पूरे विवाद पर चिंता जाहिर करते हुए सवाल किया कि क्या प्रकाशक यह तय करेगा कि सोनिया गांधी जैसी वरिष्ठ राजनीतिक हस्ती अपनी किताब में क्या लिखें और क्या नहीं। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या प्रकाशक खुद ऐसी बात कह रहा है या उस पर किसी तरह का दबाव है।
‘तथ्यों की जांच करना प्रकाशक की जिम्मेदारी’
कंपनी ने कहा कि किसी पुस्तक में मौजूद तथ्यों की जांच करना प्रकाशक की जिम्मेदारी और अधिकार है। प्रकाशन प्रक्रिया के दौरान प्रकाशक लेखक को किताब की सामग्री के संबंध में सलाह भी देता है और यह प्रकाशन प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा है। पेंग्विन ने यह भी कहा कि वह लेखक के साथ हुई गोपनीय बातचीत पर आगे कोई टिप्पणी नहीं करेगा। उसका बयान अमेरिकी प्रकाशक अल्फ्रेड ए. नॉफ द्वारा किताब को 10 नवंबर को जारी करने की घोषणा के कुछ दिनों बाद आया है। अल्फ्रेड ए. नॉफ, पेंग्विन रैंडम हाउस समूह का हिस्सा है।
फिलहाल भारत में किताब के आधिकारिक प्रकाशक और डिस्ट्रीब्यूटर को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। हालांकि, अमेजन पर इसका ई-बुक संस्करण 2,615 रुपये में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध बताया गया है। अमेजन की जानकारी के अनुसार, ई-बुक का प्रकाशन विलियम कॉलिन्स ने किया है, जो हार्पर कॉलिन्स यूके का हिस्सा है।
