
बालाघाट। भरवेली थाना पुलिस ने मंदिरों में हुई चोरी की दो वारदातों का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6 हजार रुपये नगद, चांदी की चैन, चांदी का सिक्का और चांदी का मुकुट सहित करीब 40 हजार रुपये का चोरी का मशरूका बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त करीब 15 हजार रुपये कीमत की रेंजर साइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार कुल जब्त मशरूके की कीमत करीब 55 हजार रुपये है।
भरवेली थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र पंद्रो ने बताया कि पहली घटना पुरानी बस्ती भरवेली स्थित पुराने हनुमान मंदिर की है। फरियादी ज्ञानी लिल्हारे ने पुलिस को बताया कि 25 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे भजन-कीर्तन, आरती और पूजा-पाठ के बाद मंदिर में ताला लगाकर सभी लोग घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे मंदिर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला और गर्भगृह का दरवाजा टूटा हुआ था। जांच में सामने आया कि अज्ञात आरोपी ने हनुमान प्रतिमा के सिर पर लगा चांदी का मुकुट तथा मंदिर में रखी तीन दानपेटियों के ताले तोडकऱ दान-दक्षिणा की राशि चोरी कर ली थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई। मामले में थाना भरवेली में धारा 305(डी), 331(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया।
साईं मंदिर में भी की चोरी….
दूसरी वारदात ग्राम बघोली स्थित साईं मंदिर में हुई। फरियादी विवेक पाण्डे के अनुसार 25 अगस्त की रात पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में ताला लगाकर सभी लोग घर चले गए थे। 26 अगस्त की सुबह मंदिर पहुंचने पर खिडक़ी की ग्रील टूटी मिली और दानपेटी का ताला भी टूटा हुआ था। जांच में मंदिर से करीब 1,500 रुपये नगद, चांदी की चैन और चांदी का सिक्का चोरी होना सामने आया। इस मामले में थाना भरवेली में धारा 305(डी), 331(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि लगातार हुई मंदिर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर राहुल सहारे को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने दोनों मंदिरों में चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई करीब 6 हजार रुपये की नकदी, चांदी की चैन, चांदी का सिक्का और चांदी का मुकुट सहित करीब 40 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त करीब 15 हजार रुपये कीमत की रेंजर साइकिल भी जब्त की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तार आरोपी राहुल सहारे निवासी वार्ड क्रमांक 10, रजा नगर, बालाघाट के विरुद्ध थाना कोतवाली बालाघाट में पूर्व से चोरी, मारपीट सहित करीब 10 अपराध पंजीबद्ध होना बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके विरुद्ध विभिन्न मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।
