सी.एम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के निराकरण हेतु किया गया बेकरी का निरीक्षण

दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशों के तहत् खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा दमोह शहर स्थित फुटकर किराना दुकानों में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए किराना दुकानों में विक्रय की जा रही खाद्य सामग्री की जांच की गई। कार्यवाही में पलंदी चौराहा स्थित खंडेलवाल किराना स्टोर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर से मौके पर विक्रय हेतु संग्रहित लूज बेसन एवं गोपाल ब्रांड बंधानी हींग के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान परिसर में मौके पर फूड रजिस्ट्रेशन की प्रति, पेस्ट कंट्रोल प्रबंधन, फ़ोस्टैक ट्रेनिंग एवं एनुअल मेडिकल परीक्षण प्रमाण पत्र पाए गए। सी.एम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के निराकरण हेतु तीन गुल्ली चौराहा स्थित आकाश बेकरी का निरीक्षण शिकायतकर्ता के समक्ष किया गया।

शिकायत में आकाश बेकरी से एक्सपायरी डेट की बिसलरी ब्रांड सोडा शिकायतकर्ता को बेचने का उल्लेख किया गया था। निरीक्षण के दौरान बिसलरी ब्रांड सोडा की एक्सपायरी डेट की कोई भी बोतल परिसर में नहीं पाई गई।
