छिंदवाड़ा। नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम अध्यक्ष सोनू मांगो द्वारा जारी वक्तव्य पर आड़े हाथ लेते हुए कहा कि नगर निगम अध्यक्ष को वास्तविकता की कोई जानकारी ही नहीं है। नगर निगम अध्यक्ष ने अपने आकाओं के निर्देश पर बिना जानकारी लिए ही वक्तव्य जारी कर दिया। श्री पांडे ने कहा कि नगर निगम की वर्तमान हालत की जिम्मेदार 15 महीने की कांग्रेस सरकार ही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की उस 15 महीने की सरकार ने नगर निगम को 50 साल पीछे धकेल दिया। उन्होंने कहा कि उस 15 महीने में जिले का हर कांग्रेसी नेता अपने आप को मुख्यमंत्री समझकर अधिकारियों कर्मचारियों को डरा धमकाकर अपने फर्जी बिल पास करवा लेता था। उन्होंने कहा कि नगर निगम अध्यक्ष उस समय दिल्ली की कंपनी को दिए गए करोड़ों के सफाई ठेके पर भी बोलें। वह ठेका कंपनी का मालिक किसका करीबी था और उसके बिल भुगतान की इतनी जल्दी होती थी कि नगर निगम के कर्मचारियों के वेतन भत्ते रोक दिए गए थे।

उन्होंने कहा कि उस समय नगर निगम की हालत इतनी खस्ता हो चुकी थी कि कर्जा तक लेना पड़ा था और आज तक नगर निगम उसी दंश को झेल रहा है। श्री पांडे ने कहा कि नगर निगम अध्यक्ष सोनू मांगो ने वर्तमान सांसद के लिए कहा कि विकास के लिए उनका विजन नहीं है लेकिन वे ये भूल गए कि वर्तमान सांसद को केवल एक वर्ष ही हुए हैं और वे जिले के विकास की हर संभावनाओं को लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले को पहली बार सहजता से जनता के लिए उपलब्ध सांसद मिला है। भाजपा सांसद हमेशा जनता के बीच उपलब्ध रहते हैं। वरिष्ठ पार्षद विजय पांडे ने कहा कि नगर निगम अध्यक्ष ने सांसद पर तो आरोप लगा दिए लेकिन शायद उन्हें इस बात की जानकारी ही नहीं है कि नगर के विकास में सर्वाधिक योगदान विधायक का होता है और विधायक कमलनाथ जनता के विजन में ही नहीं हैं। श्री पांडे ने कहा कि नगर निगम अध्यक्ष सोनू मांगो को उनके द्वारा उठाए सवालों को मुख्य रूप से छिंदवाड़ा विधायक कमलनाथ से पूछना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक कमलनाथ ने लोकसभा में हुई करारी हार के चलते छिंदवाड़ा से दूरी बना लिए हैं। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा की पहली बार ऐसा विधायक मिला है जो विधानसभा में उपस्थित ही नहीं होते हैं। श्री पांडे ने कहा कि नगर निगम अध्यक्ष सोनू मांगो द्वारा जारी बयान वास्तव में छिंदवाड़ा विधायक कमलनाथ की निष्क्रियता पर है। श्री पांडे ने कहा कि मैं नगर निगम अध्यक्ष सोनू मांगो को बता देना चाहता हूं कि नगर के विकास में मुख्य भूमिका विधायक की होती है और छिंदवाड़ा विधायक पूर्णतः निष्क्रिय हैं।
