
सीएफ ने स्थान परिवर्तन के जारी किए आदेश, डीएफओ कर रहे नाफरमानी
भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे दक्षिण उत्पादन वनमंडल के दो कर्मचारियों सहित पांच का किया गया है स्थान परिवर्तन
बालाघाट। वनवृत्त बालाघाट के दो डिवीजन के पांच कर्मचारियों का स्थान परिवर्तन किया गया है। वन संरक्षक बालाघाट ने स्थान परिवर्तन का आदेश 27 जून को जारी किया है, लेकिन स्थान परिवर्तित कर्मचारियों को डिवीजन के मुखिया (डीएफओ) रिलीव नहीं कर रहे हैं। आदेश को एक माह बीत जाने के बाद भी कर्मचारियो को रिलीव नहीं करके सीएफ के आदेश की नाफरमानी डीएफओ द्वारा की जा रही है। इस आदेश में दक्षिण उत्पादन वनमंडल के उन दो कर्मचारियों का भी स्थान परिवर्तन किया गया है, जिन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार दक्षिण उत्पादन वनमंडल बालाघाट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 व स्थापना शाखा प्रभारी आचल परिहार और सहायक ग्रेड-3 विजयेंद्र श्रीवास्तव पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। इन दोनों ही कर्मचारियों की शिकायत पूर्व जनपद सभापति फिरोज खान ने पूर्व में की थी। शिकायतकर्ता फिरोज खान ने 9 प्रकार के विभिन्न बिंदुओं पर शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की थी। जबलपुर एक्सप्रेस ने इस मामले में 16 अप्रैल 2025 को कार्य आवंटन के नाम पर कर्मचारियों का नियम विरुद्ध किया तबादला नामक शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया गया था। जिसके बाद वन संरक्षक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे दो कर्मचारियों के साथ तीन अन्य लोगों का भी स्थान परिवर्तन करने का आदेश जारी कर दिया है।
डीएफओ द्वारा नहीं किया जा रहा है पदमुक्त
सीएफ के आदेश के बाद भी डीएफओ द्वारा कर्मचारियों को पदमुक्त नहीं किया जा रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि जिन कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है, उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है । जिसके चलते अभी तक दक्षिण उत्पादन वनमंडल बालाघाट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 व स्थापना शाखा प्रभारी आचल परिहार और सहायक ग्रेड-3 विजयेंद्र श्रीवास्तव अपने स्थान पर यथास्थिति में बने हुए है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन दोनों ही कर्मचारियों को रिलीव नहीं करने के लिए एक अन्य अधिकारी ने सिफारिश भी की है।
पैसे के लेन-देन और आर्थिक अनियिमतता का है आरोप
दक्षिण उत्पादन वनमंडल बालाघाट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 व स्थापना शाखा प्रभारी आचल परिहार पर विभागीय कर्मचारियों से पैसे लेने का आरोप लगा है। जबकि सहायक ग्रेड-3 विजयेंद्र श्रीवास्तव पर निर्माण कार्य के नाम पर आर्थिक अनियिमतता का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता फिरोज खान के अनुसार स्थापना शाखा प्रभारी आचल परिहार ने नियम विरुद्ध कर्मचारियों से कार्य आबंटन के नाम पर पैसों का लेन-देन किया है। इसी तरह विजयेंद्र श्रीवास्तव ने चहेते ठेकेदार के साथ मिलकर फर्जी बिल वाउचर बनाकर राशि का आहरण किया है।
इन कर्मचारियों का किया गया है स्थान परिवर्तन
वनसंरक्षक वन वृत्त बालाघाट ने पांच कर्मचारियों के स्थान परिवर्तन के आदेश जारी किए थे। यह आदेश 27 जून 2025 को जारी किया गया है। इस आदेश के तहत उत्तर सामान्य वनमंडल बालाघाट के सहायक ग्रेड-2 आरके मेश्राम का वृत्त कार्यालय बालाघाट, दक्षिण उत्पादन वन मंडल बालाघाट के सहायक ग्रेड-3 भागवंती मातरे को उत्तर सामान्य वनमंडल बालाघाट, सहायक ग्रेड-3 विजयेंद्र श्रीवास्तव का वृत्त कार्यालय बालाघाट, सहायक ग्रेड-3 आचल परिहार का वनक्षेत्रपाल महाविद्यालय बालाघाट और दक्षिण सामान्य वनमंडल की मानचित्रकार छाया पराते का उत्तर सामान्य वनमंडल बालाघाट में स्थान परिवर्तन किया गया है। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि पदस्थापना मुख्यालय परिवर्तन न होने के कारण यह स्थानांतरण की श्रेणी में नहीं आता है।
प्रकरण की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग
इस मामले में एक बार फिर से पूर्व जनपद सभापति फिरोज खान ने मुख्य वनसंरक्षक से शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने उल्लेख किया है कि दक्षिण उत्पादन वनमंडल बालाघाट के स्थापना शाखा प्रभारी और स्थापना शाखा सहायक को शासकीय अभिलेखों का सही तरह से संधारण नहीं करने व अभिलेखों को कूटनीतिक रुप से गायब करने के मामले की जांच कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए। उन्होंने मुख्य वनसंरक्षक से अपील की है कि वे इस मामले को स्वत: संज्ञान में लेकर कार्यवाही करें।
