दमोह। श्री जागेश्वर धाम बांदकपुर में श्रावण मास के अंतर्गत आयोजित 11 दिवसीय विश्व कल्याणार्थ महा रुद्राभिषेक अनुष्ठान का चतुर्थ दिवस आज पूरे श्रद्धाभाव और वैदिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में मंदिर ट्रस्ट की उपाध्यक्ष राजकुमारी सिंह, राजन असाटी एवं ज्ञानचंद्र यादव उपस्थित रहे। यजमानों ने वेद मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री जागेश्वरनाथ जी का रुद्राभिषेक एवं पूजन कर संपूर्ण सृष्टि के कल्याण हेतु प्रार्थना की। वृक्षारोपण: शिव पूजन के साथ प्रकृति की सेवा रुद्राभिषेक के उपरांत, यजमानों द्वारा धेनुवन (गोवर्धन पर्वत क्षेत्र) में पारस पीपल का वृक्षारोपण किया गया। इस आयोजन को मंदिर द्वारा संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जोड़ा गया है, जो धर्म के साथ पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देता है।

पारस पीपल को भारतीय संस्कृति में लंबी उम्र, शुद्धता और ऊर्जा का प्रतीक माना गया है। इस वृक्ष को शिव का स्वरूप मानकर लगाया गया, जिससे आध्यात्मिक और जैविक दोनों संतुलन स्थापित होते हैं यह आयोजन एक तरफ जहाँ वैदिक परंपराओं का निर्वहन है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण जागरूकता और संरक्षण की जिम्मेदारी का प्रतीक भी बन गया है।
