इंदौर में आयोजित हुआ नेशनल अवार्ड समारोह

कटनी। रानी अहिल्या की नगरी इंदौर में आयोजित सशक्त नारी शिखर सम्मेलन में राइटर नीलिमा पाठक सामंतरे को साहित्य के क्षेत्र में नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय नारी सशक्तिकरण संघ के तत्वावधान में आयोजित समारोह में अलग -अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली देशभर की अनेक प्रतिभाओं का अभिनंदन किया गया।
कवयित्री नीलिमा प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्व सत्येंद्र पाठक एवं कटनी की पूर्व महापौर श्रीमती निर्मला पाठक की बेटी तथा पूर्व मंत्री एवम विजयराघवगढ़ के विधायक संजय पाठक की बहन हैं। समारोह के प्रमुख अतिथियों नर्मदापुरम होशंगाबाद के सांसद दर्शन सिंह चौधरी और छत्तीसगढ़ के कमांडेंट एसपी सुरेश चौबे सहित अन्य अतिथियों ने कवयित्री नीलिमा पाठक सामंतरे का सम्मान स्मृति चिन्ह पहनाकर और अभिनंदन पत्र भेंटकर किया। गौरतलब है कि नीलिमा पाठक सामंतरे के काव्य संग्रह अहसास का प्रकाशन हो चुका है और 250 से ज्यादा कृतियों को वे पाठक वर्ग के सामने ला चुकी हैं। सामयिक विषयों पर सार्थक लेखन के चलते साहित्य के क्षेत्र में उन्हे यह सम्मान दिया गया है। इस मौके पर राष्ट्रीय नारी सशक्तिकरण संघ के अध्यक्ष एवम कार्यक्रम संयोजक राजकुमार धाकड़, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ वीणा कुर्रे सहित संस्था के अन्य पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों व देशभर से सम्मान के लिए पहुंची विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाशाली महिलाओं की उपस्थिति रही।
