जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और रक्तदाताओं की आवश्यक बैठक संपन्न


दमोह : रक्त के अभाव में किसी व्यक्ति की असमय मौत ना हो इसके लिए कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में एक आवश्यक बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कोचर ने रक्त की मांग और आपूर्ति के अंतर को पाटने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, सहायक कलेक्टर ऋषिकेश ठाकरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश अठया, सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल एवं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी एवं रक्तदाता विशेष रूप से मौजूद थे। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा इस कार्य के लिये सहायक कलेक्टर ऋषिकेश ठाकरे को इस पूरे अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रतिदिन कितना रक्त दान में आ रहा है, रक्त किसको किसके द्वारा दिया जा रहा है, इसके संबंध में प्रतिदिन जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री कोचर ने ब्लड बैंक एवं उसके रखरखाव के संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर निदान कैसे हो सकता है, इस पर कार्यवाई तत्काल प्रारंभ की जाये। उन्होंने कहा रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया जाये और लोगों को यह भरोसा दिलाया जाये कि रक्तदान के बाद किसी प्रकार की कोई कमजोरी नहीं आती है, कुछ समय आराम करना और फिर काम पर चले जाना बस यही प्रक्रिया है। कलेक्टर श्री कोचर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए ज्यादा से ज्यादा रक्तदान शिविर आयोजित किये जायें । पूरे माह भर का एक कैलेंडर तैयार करके काम प्रारंभ किया जाये। उन्होंने कहा जिले में कितने यूनिट रक्त की आवश्यकता प्रतिदिन पड़ती है उसके हिसाब से रक्त को एकत्रित करने की जवाबदारी भी तय की गई। बैठक में ब्लड के संबंध में आ रही शिकायत को लेकर भी कार्यवाई के संबंध में भी रूपरेखा तय की गई।
