
आंख में मिर्ची झोंककर वारदात कर भागे आरोपी
जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पुराने विवाद का बदला लेने के लिए तीन बदमाशों ने घर में सो रहे युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले आंख में मिर्च पाउडर डाला, फिर चाकू से वार करने के बाद उसके पैर में गोली मार दी। गोली की आवाज और घायल युवक की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर फरार हो गए।
घटना में घायल युवक अन्ना बस्ती निवासी हर्षवर्धन को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए मेट्रो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर लार्डगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल से पूछताछ की। हर्षवर्धन ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे वह घर में अकेला सो रहा था, तभी अचानक तीन युवक कमरे में घुस आए। उन्होंने उसका हाथ पकड़कर आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और फिर चाकू से हमला किया। इतना ही नहीं, जान से मारने की नीयत से बदमाशों ने पिस्तौल से उसके पैर में गोली भी दाग दी।
पड़ोसियों की मौजूदगी से भागे आरोपी …
गोली चलने और हर्षवर्धन की चीख सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए। पड़ोसियों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकले। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने पैर में धंसी गोली निकाली। फिलहाल हर्षवर्धन की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज
लार्डगंज पुलिस ने वारदात की जानकारी मिलते ही मौके का मुआयना किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में हमलावर भागते हुए दिखाई दिए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
पुराने विवाद से जुड़ा मामला……….
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि करीब एक सप्ताह पहले शराब पीने को लेकर हर्षवर्धन का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
