
बालाघाट । बैहर थाना पुलिस ने 5 सितंबर की रात्रि हुई लूट के मामले का खुलासा किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कटंगी थाना बैहर निवासी रितिक उर्फ छोटा पिता राजकुमार दीवान 22 वर्ष, कनकपुरी पिता राजेश गोस्वामी 23 वर्ष और गजानन नगर जिला वर्धा महाराष्ट्र निवासी सूरज पिता साजन नागेश्वर 20 वर्ष शामिल है। आरोपियों के पास से पुलिस ने मोबाइल फोन, कार की चाबी, नगद 7110 रुपए और घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि 5 सितंबर की रात्रि बैहर के वार्ड क्रमांक 5 कंपाउंडर टोला निवासी अब्दुल इमरान खान ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह रात्रि करीब 8.30 बजे अपनी कार से पिपरिया से घर लौट रहा था। इसी दौरान जलाऊ डिपो बैहर के पास एक बाइक में सवार तीन युवकों ने उनकी कार को रोकी। मारपीट कर कार की चाबी, मोबाइल और पर्स छिनकर भाग गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 3 (5), 309 (4), 309 (6) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बैहर थाना प्रभारी निरीक्षक जयंत मर्सकोले और उनकी टीम ने सुक्ष्मता से विवेचना प्रारंभ की। घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज और लोगों के बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त बाइक क्रमांक एमपी 50 जेडएफ 4150 की पहचान हुई। उसके वाहन मालिक रितिक दीवान को हिरासत में लिया गया। रितिक से पूछताछ में उसने अपने दो साथी कनक गोस्वामी और सूरज नागेश्वर के साथ लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इस मामले में तीनों ही आरोपियों को गिरफ्तार किया।
