Spread the love

प्रदेश के मंत्रीगण श्री प्रहलाद पटैल, राज्यमंत्री श्री लोधी एवं राज्यमंत्री श्री पटैल सहित राज्यपिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ.कुसमरिया ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा

पूर्व वित्तमंत्री एवं विधायक दमोह जयंत मलैया भी पहुंचे सिंग्रामपुर लिया जायजा

दमोह। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक, लाड़ली बहना एवं स्व सहायता समूह तथा सिंगौरगढ़ किले के महत्वूपर्ण स्थलों के कार्यक्रम 5 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इसी उद्देश्य को लेकर आज प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटैल, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटैल, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अघ्यक्ष डॉ.रामकृष्ण कुसमरिया ने निर्धारित कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिये। इस अवसर पर विधायक दमोह जयंत कुमार मलैया, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, सीईओ जिला पंचायत अर्पित वर्मा, एडीशनल एसपी संदीप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

            प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा पहली कैबिनेट भी वीरांगना रानी दुर्गावती जी के स्मरण में उनकी 500 वीं जन्म जयंती पर जबलपुर में हुई थी, 1 वर्ष पूरा होने को है, 501 वीं जन्म जयंती 05 अक्टूबर को है। जब कैबिनेट में इस बात की चर्चा हुई थी तो हम सभी ने प्रस्ताव रखा था कि सिंगौरगढ़ में यदि यह कैबिनेट होती है, तो वास्तव में यह यादगार बनेगा। मैं मुख्यमंत्री जी का आभारी हूं, उन्होंने मध्यप्रदेश की कैबिनेट बैठक सिंग्रामपुर में रखने का फैसला किया है, पूरी सरकार रानी दुर्गावती जी की पहली राजधानी में उनके चरणों में बैठकर राज्य के हितों का विचार करेगी।   प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी को बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं कि मध्य प्रदेश की कैबिनेट और एक विशाल आम सभा यहां पर रखी गई है। रानी दुर्गावती जी की यह 501 वीं जयंती है, इस अवसर पर कैबिनेट रानी दुर्गावती जी के नाम पर समर्पित है और अपने महापुरुषों को याद करना और उनसे प्रेरणा लेना और ऐतिहासिक दृष्टि से रानी दुर्गावती जी का जो योगदान है जिन्होंने अकबर जैसे योद्धा से टक्कर ली और इतिहास में एक बड़ा नाम किया। सिंग्रामपुर रानी दुर्गावती जी की राजधानी रही है और दुर्गावती जी का एक किला यहां पर है, तो निश्चित रूप से यह कैबिनेट ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है और यह कैबिनेट यहां पर हो रही है, तो पर्यटन की दृष्टि से टाइगर रिजर्व यहां पर घोषित हुआ है, आने वाले समय में यहां पर्यटन की दृष्टि से क्या-क्या संभावनाएं हैं, उन पर विचार करके काम किया जायेगा। उन्होंनें कहा रानी दुर्गावती जी के नाम पर एक पार्क यहां पर डेवलप हो जाए, इसकी मांग भी हम लोग मुख्यमंत्री जी से करेंगे और दमोह के विकास के लिए, चाहे सीता नगर हवाई अड्डे को बनाने की बात हो, हम कैबिनेट में रखेंगे और मुझे लगता है यह कैबिनेट दमोह जिले और जबेरा विधानसभा के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। निश्चित रूप से बहुत बड़ी उपलब्धि यह सिंग्रामपुर, दमोह जिले और  जबेरा विधानसभा के लिए है।

            प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने कहा रानी दुर्गावती जी की 501 वीं जयंती के उपलक्ष में यहां पर मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट आ रही है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी का धन्यवाद करना चाहता हूं कि उन्होंने दमोह को चुना और यहां पर कैबिनेट की बैठक कर रहे हैं। कैबिनेट के फैसले ऐतिहासिक तो होते ही हैं लेकिन यह जो फैसला हुआ है वह इतिहास के पन्नों में लिखा जाएगा कि मध्य प्रदेश की कैबिनेट कभी सिंग्रामपुर में हुई। उम्मीद है बहुत सारे फैसले होंगे, साथ-साथ यहां की जो महत्वपूर्ण मांग है एयर स्ट्रिप की इसकी घोषणा भी शायद मुख्यमंत्री जी करेंगे, इस विषय में मंत्री श्री प्रहलाद पटेल जी ने भी चर्चा की है, निश्चित रूप से दमोह को बहुत कुछ मिलेगा। उन्होंने कहा मैं पहली बार यहां पर आया हूं, यहां पर आकर अभिभूत हूं। मुझे लगता है कि इसकी दौड़ बहुत तेजी से बढ़ने वाली है। कुछ मंत्रीगण जबलपुर तरफ से और कुछ दमोह तरफ से आ रहे हैं दमोह में भी रुकने की व्यवस्था की है, जबलपुर में भी व्यवस्थाएं लगाई है। यहां पर आने के लिए दो ही रास्ते हैं व्हाया रोड ही आ पायेंगे। यहां पर आकर सबसे पहले रानी दुर्गावती जी के चित्र पर माल्यार्पण करेंगे, उसके बाद कैबिनेट, कैबिनेट के बाद लंच और उसके साथ ही वहां पर एक पेड़ मां के नाम के तहत वृक्षारोपण होगा जिसमें सभी मंत्री पेड़ भी लगाएंगे, उसके बाद आमसभा और आम सभा के बाद निदान वॉटरफॉल पर जाएंगे, उसके बाद सेलवाड़ा में जो हेलीपैड बनाया है वहां से मुख्यमंत्री जी भोपाल के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *