कजलीवन मैदान में कार पार्क कर बैठे थे, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

सागर। कैंट थाना पुलिस ने अवैध रूप से 4 देसी कट्टा और कारतूस लेकर घूम रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वे कजलीवन मैदान में कार में बैठे थे। आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने लाई। जहां आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कजलीवन मैदान के पास स्थित मंदिर के पीछे खड़ी कार में कुछ युवक सवार हैं जो संदिग्ध लग रहे हैं। उनके पास हथियार भी हैं। सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना की। टीम ने कजलीवन मैदान में पहुंचकर घेराबंदी की और कार को पकड़ लिया। कार सवारों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अनुराग उर्फ बेटू सेन, अरुण उर्फ किंग, अब्बू उर्फ अभिषेक होना बताया। उनकी तलाशी ली गई तो अनुराग सेन के पास से 315 बोर के दो देशी कट्टा और 6 जिंदा कारतूस, अरुण अहिरवार के पास से देसी कट्टा व एक जिंदा कारतूस, चाकू और अभिषेक के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। अवैध हथियार मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया और थाने लाई। जहां आर्म्स के तहत मामला दर्ज किया। हथियारों के संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
