
धारदार हथियार से वार कर हत्या करने की संभावना, जांच में जुटी पुलिस
बालाघाट। जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में हार्डवेयर कारोबारी हेमेंद्र बिसेन (47) और उनकी पत्नी योगिता बिसेन (47) का शव संदिग्ध अवस्था में उनके ही कमरे में पाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्यवाही कर मामले को जांच में जुट गई है। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हत्या का मामला मानकार मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा भी घटना स्थल पहुंचे। पीडि़त परिवार और पुलिस से आवश्यक जानकारियां ली। वहीं मामले की सूक्ष्मता से जांच करने के निर्देश दिए। एसडीओपी विवेक शर्मा और थाना प्रभारी धमेन्द्र कुशराम की मौजूदगी में एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए।
जानकारी अनुसार परिवार में सबसे छोटे हेमेन्द्र बिसेन हार्डवेयर का व्यापार करते थे। पड़ोस के ही नांदी गांव में उनकी हार्डवेयर की दुकान है। अपने तीन बड़े भाई ईश्वरी प्रसाद बिसेन, करण बिसेन और शैलेन्द्र बिसेन के साथ एक ही परिसर में बने मकान में निवास करते थे। शनिवार की रात्रि को सभी ने साथ में भोजन किया। रात्रि करीब 12 बजे तक टीवी देखने के बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने के लिए चले गए। हेमेन्द्र का पुत्र भी अलग कमरे में सोने के लिए चले गया। रविवार की सुबह करीब 8.30 बजे जब हेमेन्द्र और उनकी धर्मपत्नी नहीं जागी तो करण बिसेन की पत्नी अपने देवर और बहु को जगाने के लिए उनके कमरे गई थी, जहां योगिता बिसेन बिस्तर पर और हेमेंद्र बिसेन नीचे जमीन पर खून से लथपथ मृत अवस्था में थे। उन्होंने तत्काल अपने पति को घटना की जानकारी दी। वहीं परिवार को अन्य सदस्यों को भी सूचना मिलने पर सभी एकत्रित हुए। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने रविवार की शाम करीब 4.30 बजे दोनों ही पति-पत्नि के शवों को पीएम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। सोमवार को दोनों ही शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि सरकारी अस्पताल में महिला चिकित्सक नहीं होने की वजह से करीब 2 घंटे तक शव को वाहन में ही रखा गया था। बालाघाट से महिला चिकित्सक के आने के बाद शव का पीएम हो पाया।
मृतक के भाई करण बिसेन के अनुसार हेमेन्द्र का बेटा जो कक्षा नवमीं में पढ़ाई करता है, वह प्रतिदिन उसी के साथ नाश्ता करने के बाद दुकान के लिए जाते थे। रविवार को भी नाश्ता बनकर तैयार था, जिसके चलते उन्होंने अपनी पत्नी को बेटे को बुलाकर लाने के लिए कहा, लेकिन पत्नी ने रविवार अवकाश का दिन होने के चलते उसे सोने देने की बात कही। इसके बाद वह देवरानी और देवर क्यों नहीं उठे यह देखने गई तो कमरे में लाश पड़ी थी।
वारदात में दो से अधिक के शामिल होने की संभावना
अज्ञात आरोपियों द्वारा किसी धारदार हथियार से वार कर हत्या करने की संभावना जताई जा रही है। इस पूरी वारदात को अंजाम देने में 2 से अधिक लोगों के शामिल होने का प्रारंभिक अनुमान है। हत्या को अंजाम देने वाले आरोपियों ने हेमेन्द्र के सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला किया जबकि उनकी पत्नी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
लूट की संभावना, लेकिन सामान जस का तस
इस दोहरे हत्याकांड के पीछे के कारणों की अभी कोई भी ठोस पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन लूट की मंशा से घर में घुसने वाले आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम देने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, घटना स्थल पर लूट जैसे कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है। घर के किसी भी हिस्से में दरवाजों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही घटना का खुलासा हो पाएगा। बिसेन दंपत्ति की हत्या करने वाले हत्यारे कौन है। इतना ही नहीं संयुक्त परिवार के लिए बने घर में उनकी एंट्री कैसे हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है।
ग्राम मोहगांव में हुई इस वारदात ने सभी को अचरज में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। बिसेन परिवार को जानने वाले हर शख्स ने घटना पर दुख व्यक्त किया और सभी की इच्छा है पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी करें।
