Spread the love

नेशनल हाईवे 30 के पांडूतला टोला नाका पर बदमाशों ने रात्रि में मचाया उत्पात
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना, वीडियो हुआ वायरल


बालाघाट। गढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे क्रमांक 30 पर पांडूतला में स्थित टोल नाका में एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। लाठी-डंडों से लेस बदमाशों ने नाका में जमकर तोडफ़ोड़ की। टोल कर्मचारियों से मारपीट कर काउंटर पर रखे एक लाख रुपए से अधिक कैश लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। यह घटना 19-20 सितंबर की मध्य रात्रि की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 5 नामजद सहित अन्य आरोपियों केे खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
गढ़ी थाना पुलिस ने बताया कि टोला में तोडफ़ोड़, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और कैश लूटकर फरार होने की शिकायत 20 सितंबर को टोल प्लाजा मेनेजर जिला मुरैना के दिमनी निवासी वरुण प्रताप ने थाना में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर मुकेश सैय्याम, रंजित, सुदर्शन, संतोष, संदीप सहित उनके अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। शिकायत दर्ज कराने के दौरान सौरभ परिहार, प्रमोद कुमार और मारपीट से घायल आशुतोष प्रजापति व करन सिंह उइके भी मौजूद थे।
ट्रक के ओवरलोड चार्ज को लेकर उपजा विवाद
टोल प्लाजा मेनेजर ने अपने शिकायत पत्र में उल्लेख किया है कि 19 सितंबर की रात्रि करीब 8.15 बजे ट्रक क्रमांक एमपी 20 जेडवी 6554 को मुकेश कुमार सैय्याम चलाते हुए आया, जिसमें चालक संतोष और रंजित बैठे हुए थे। ट्रक क्रमांक एमपी 65 एच 0315 का चालक और सुदर्शन बाइक से टोल प्लाजा पहुंचे। जहां उन्होंने दोनों ही वाहनों के ओवरलोड चार्ज नहीं देने की बात कही। जबकि कर्मचारियों ने ओवरलोड चार्ज लगने की जानकारी दी। जिस पर वे लोग विवाद करने लगे। दोनों ही वाहनों का ओवरलोड चार्ज 1510 रुपए हो रहा था, चालकों द्वारा 1010 रुपए देकर वाहनों को टोल से आगे निकालकर धरम काटे पर खड़ा कर दिए। इसके बाद मुकेश सैय्याम, सुदर्शन, रंजित साहू, संतोष ने पुन: टोला प्लाजा पहुंचकर दोनों ने वाहनों से ओवरलोडिंग चार्ज वसूले जाने पर टोल को तोड़-फोड़ करने और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर चले गए थे।
चेहरे पर नकाब बांधकर पहुंचे बदमाश
इस घटना के बाद 19 सितंबर की रात्रि की करीब 11.06 बजे मुकेश सैय्याम, रंजित, सुदर्शन, संतोष, संदीप और इनके अन्य साथी चेहरे पर नकाब बांधकर टोल प्लाजा पहुंचे। सभी लाठी-डंडों से लेस थे। जो टोल प्लाजा में पहुंचकर तोड़-फोड़ करने लगे। डर के मारे कर्मचारी वहां से भागने का प्रयास किए। टोल मेनेजर भी अपने ऑफिस कैम्पस में चले गए थे। इसी दौरान टोल कर्मी करण सिंह उइके, आशुतोष प्रजापति कैम्पस में पहुंचकर मारपीट किए जाने की जानकारी दिए। रात्रि करीब 12.25 बजे जब मेनेजर टोल प्लाजा पहुंचे तो टोल के सारे सिस्टम को तोड़-फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया था। इसके साथ ही वाहन क्रमांक एमपी 51 जेडसी 3114 को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। बूथ के अंदर रखे दो मोबाइल, काउंटर पर रखे एक लाख 13 हजार 400 रुपए लूटकर फरार हो गए।
इनका कहना है
टोल प्लाजा में हुई तोडफ़ोड़, लूटपाट, कर्मचारियों के साथ मारपीट की शिकायत टोल मेनेजर ने थाना में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पांच नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को को विवेचना में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
-भूपेंद्र पंद्रो, निरीक्षक, गढ़ी थाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *