Spread the love

स्वादिष्ट पौष्टिक खिचडी का स्वल्पाहार दिया

हटा । जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने सिविल अस्पताल हटा पहुंचकर स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के तहत आयोजित विशेष क्लीनिक का निरीक्षण किया। शिविर मानक अनुरूप व्यवस्थित रूप से संचालित होना पाया गया। इस दौरान सीबीएमओ डॉ. यू.एस.पटेल, जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी एवं सीडीपीओ शिवराय मौजूद रहे। शिविर की खास बात रही कि जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान के लिए विशेष पर्ची कंधे पर लगाई गई, जिससे उनकी पहचान आसानी से की जा सके। शिविर में 40 महिलाओं की सोनोग्राफी जांच भी वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता त्रिवेदी द्वारा की गई।

हिमोग्लोबिन परीक्षण एवं पौष्टिक आहार के बारे में दिया गया परामर्श

स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार के तहत किशोरियों की स्वास्थ्य जांच हेतु हटा के शासकीय एम.एल.बी. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका श्रद्धा सुमन  44 किशोरियों को लेकर शिविर में पहुंची। सभी किशोरियों को व्यवस्थित रूप से अलग कमरे में बैठाया गया। उनकी एनीमिया की जांच की गई। एनीमिया-पोषण स्तर की जांच कर पोषण संबधी आवश्यक सलाह दी गई। शिविर में पहुंची सभी महिलाओं को कोदो, मूंगफली, गोभी, सोयाबीन की बरी युक्त पौष्टिक दलिया की खिचड़ी स्वल्पाहार में दी गई। इस स्वादिष्ट खिचडी को जिला स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा चखा भी गया।

उत्सवी माहौल में कुलुवाकलां ग्राम पंचायत में दी गई सेवाएं

            हटा विकासखंड के कुलुवाकलां ग्राम पंचायत में उत्सवी माहौल में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के तहत आज विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत सरपंच योगेन्द्र सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। स्थानीय महिलाओं ने शिविर की शुरूआत ढोलक की थाप एवं देवी भक्तों के साथ की। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी एवं सीबीएमओ डॉ. यू.एस. पटेल, जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी मौजूद रहे। महिलाएं अपने बीच जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं सीबीएमओ को पाकर उत्साहित नजर आईं। शिविर में 40 महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हुआ। सीएचओ नीलू पटेल एवं एएनएम विन्नी लाल ने महिलाओं की ब्लड प्रेशर, डायबिटीज एवं एनीमिया की जांच के साथ बुखार, सिरदर्द, पेटदर्द जैसी सामान्य समस्याओं का समाधान भी किया।पोषण आहार से संबंधित विविध व्यंजनों का प्रदर्शन एवं आकर्षक रंगोली भी बनाई गई।

आयुष्मान आरोग्यम मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उपस्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सकों एवं संबंधित सी.एच.ओ. द्वारा इन संस्थाओं के अंतर्गत आने वाले निकटवर्ती क्षेत्र की सामान्य गर्भवती महिलाओं मानक अनुरूप गर्भावस्था देखभाल से संबंधित सभी सेवायें प्रदाय की गई। वहीं अन्य आयुवर्ग की महिलाओं एवं किशोरियों का एचबी एवं पोषण स्तर की जांच कर आवश्यकतानुसार जीवन रक्षक औषधियों एवं आयरन टैबलेट का वितरण भी किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बटियागढ़ में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा गंगेले, पथरिया में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका छाबड़ा, पटेरा में डॉ. मिताली हैरिसन, जबेरा में डॉ. पूर्वशी राय, हिण्डोरिया में स्किल लैब प्रशिक्षित डॉ. ज्योति ने अपनी सेवाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *