Spread the love

एमपीपीएससी, यूपीएससी, रेलवे समेत कई कोर्स शामिल
दमोह। प्रदेश भर के कॉलेज के छात्रों के लिए एक नई व्यवस्था लागू की जा रही है। आगामी तीन माह तक छात्रों को दिवस विशेष के माध्यम से न सिर्फ देश के महापुरुषों की जानकारी दी जाएगी, बल्कि संस्कृति, प्रदेश, सेना, संविधान सहित तमाम अन्य चीजों के बारे में बताया जाएगा। इसका एक लाभ यह भी होगा कि प्रत्येक दिवस विशेष के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को जो जानकारी दी जाएगी, वह उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी काम आएगी।
दरअसल, उच्च शिक्षा विभाग ने स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत आगामी तीन माह यानि अक्टूबर से दिसंबर तक प्रदेश के युवाओं का बहुमुखी विकास करने के लिए यह योजना तैयार की है, जो एक अक्टूबर से लागू हो जाएगी। वहीं दो अक्टूबर को इसका पहला सत्र पूरे प्रदेश के कॉलेजों में आयोजित होगा। विभाग ने तीन माह का पूरा एक कैलेंडर जारी किया है जो प्रत्येक माह में तीन से पांच दिवस विशेष के आधार पर अलग-अलग गतिविधियों के आधार पर विद्यार्थियों की जानकारी बढ़ाएगा। विभाग ने जारी आदेश में यह स्पष्ट किया है कि अगर कॉलेज इस मामले में लापरवाही करता है तो इसके लिए उन्हें समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
इन प्रतियोगी परीक्षाओं में मददगार होंगे
प्रदेश भर के कॉलेज के छात्रों के लिए जो एक नई व्यवस्था लागू की गई है उसमें राज्य सेवा परीक्षा, रेलवे परीक्षा, यूपीएससी परीक्षा, बैंकिंग परीक्षा, एसएससी परीक्षा, पुलिस की भर्ती परीक्षा और संघ लोक सेवा आयोग आदि की तैयारी कराई जाएगी। विभाग द्वारा जारी किए गए इस कैलेंडर में विभिन्न गतिविधियों को शामिल किया गया है, जो विषय विशेषज्ञ के साथ पूरी की जाएगी। इसमें व्याख्यान, प्रेरणादायक भाषण, क्विज प्रतियोगिता, सेमिनार और कार्यशालाएं शामिल हैं। इसके अलावा कई दिवस विशेष ऐसे भी रहेंगे जिनमें करियर मेला, डाक्यूमेंट्री फिल्म की स्क्रीनिंग, रोजगार परामर्श सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। ऐसा नहीं है कि सिर्फ इस कैलेंडर को औपचारिकता के लिए तैयार कर दिया गया है, इसका पालन भी अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इसकी निगरानी भोपाल से होगी, जिसकी मासिक रिपोर्ट हर माह विभाग को भेजना होगी। इसका बाकायदा पूरा एक फोर्मेट है जो विभाग ने कालेजों को उपलब्ध करवाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *