
नई दिल्ली। हरियाणा में बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापस आ रही है। विधानसभा चुनाव परिणाम में बीजेपी और मजबूत बनकर उभरी है। आम आदमी पार्टी ने भी हरियाणा चुनाव में हिस्सा लिया था। हालांकि, आप को एक भी सीट नहीं मिली। अब आम आदमी पार्टी के चीफ और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पहला रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव का बड़ा सबक यह है कि चुनावों में अति आत्मविश्वास ना हो।
केजरीवाल ने कहा कि चुनाव परिणामों का सबसे बड़ा सबक यह है कि चुनावों में कभी भी ओवर कॉन्फिडेंट नहीं होना चाहिए। केजरीवाल ने आप के पार्षदों को संबोधित कर कहा कि हरियाणा चुनाव परिणाम का सबसे बड़ा सबक यही है कि किसी को भी चुनाव में ओवर कॉन्फिडेंट नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी चुनाव को हल्के में नहीं लेना चाहिए. हर चुनाव और हर सीट मुश्किल होती है।
केजरीवाल ने पार्टी पार्षदों से अगले साल फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए कड़ी मेहनत करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि उनके वार्ड से कूड़े का उचित तरीके से संग्रह और निपटान किया जाए। इस (दिल्ली) चुनाव में आपकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। हम चुनाव जीते बशर्ते आप अपने इलाकों से कूड़े का उचित संग्रह और निपटान सुनिश्चित करें जो एक बहुत ही बुनियादी बात है।
