Spread the love

सपा ने उपचुनाव के लिए छह सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी
इटावा। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी का इंडिया गठबंधन की सहयोगी कांग्रेस से गठबंधन जारी रहेगा। जल्द ही यूपी की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। सपा इनमें से छह सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद सपा और कांग्रेस के गठबंधन के बरकरार रहने को लेकर उठ रहे सवालों को लेकर अखिलेश का यह बयान अहम माना जा रहा है।
अखिलेश ने सैफई में अपने पिता मुलायम सिंह यादव की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर कांग्रेस से गठबंधन जारी रहने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर कहा कि आज समय नहीं है इस पर चर्चा करने का लेकिन जहां तक इंडिया गठबंधन का सवाल है तो मैं कहना चाहूंगा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन जारी रहेगा। सपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद बुधवार को उपचुनाव वाली 10 में से छह सीटों फूलपुर, मझवां, करहल, कटेहरी, मिल्कीपुर और सीसामऊ पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस उनमें से फूलपुर और मझवां सीटों पर दावेदारी कर रही थी। ऐसे में सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। सपा और कांग्रेस ने ‘इंडिया गठबंधन के तहत पिछला लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करते हुए सपा ने यूपी में 37 और कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत हासिल की थी। हरियाणा चुनाव में कांग्रेस की हार पर उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव पर चर्चा अभी करना ठीक नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *