
मानवाधिकार दिवस पर के.एन. कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
दमोह : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के तत्वाधान में एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रिंसिपल जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष सुभाष सोलंकी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह के मार्गदर्शन में 10 दिसम्बर को स्थानीय के.एन. कॉलेज में मानव अधिकार दिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं एवं बच्चों के कानूनी अधिकारों एवं पीड़ित प्रतिकर योजना विषय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल अंकुर शर्मा, प्राध्यापक डॉ. अरूणा एम. जैन, सह प्राध्यापक डॉ. अवधेश जैन सहित अन्य प्राध्यापक एवं छात्रायें उपस्थित थी।
जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया द्वारा उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुये बताया कि मानवाधिकार वैसे अधिकार हैं जो हमारे पास इसलिये हैं क्योंकि हम मनुष्य हैं। राष्ट्रीयता, लिंग, राष्ट्रीय या जातीय मूल, रंग, धर्म, भाषा या किसी अन्य स्थिति की परवाह किये बिना ये हम सभी के लिये सार्वभौमिक अधिकार हैं। इनमें सबसे मौलिक, जीवन के अधिकार से लेकर वे अधिकार शामिल हैं जो जीवन को जीने लायक बनाते हैं, मानव अधिकार व्यक्ति को गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार देता है। आपने बताया कि हर व्यक्ति को अपने अधिकार का प्रयोग करते समय कर्त्तव्यों से विमुख नही होना चाहिये। साथ ही आपने घरेलू हिंसा अधिनियम, अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना, इंटरनेट का प्रयोग करते समय अपनायी जाने वाली सावधानी विषय पर भी छात्राओं को जानकारी प्रदान की।
असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल अंकुर शर्मा द्वारा मानवाधिकार दिवस को मनाये जाने का उद्येश्य बताते हुये मानव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत गठित राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग एवं राज्य मानवाधिकार आयोग के गठन संबंधी एवं आयोग को प्राप्त शक्तियों तथा मानवाधिकार उल्लंघन होने पर की जाने वाली शिकायत के संबंध में अपनायी जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी दी, साथ ही आपने निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में उपस्थित छात्राओं को बताया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्राओं के द्वारा पूछे गये प्रश्नों के समाधानकारक जबाव सुझाये गये। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार सहा. प्राध्यापक डॉ आर.पी. अहिरवार द्वारा किया गया।मानवाधिकार दिवस के अवसर पर शासकीय सरदार पटैल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘‘मानवाधिकार-सभी अधिकारों का समूह’’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
