Spread the love

दमोह पुलिस द्वारा किए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की

दमोह ! डीआईजी श्री शशिंद्र चौहान ने बुधवार को कोतवाली थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के अभिलेख, अपराध रजिस्टर और शिकायत निवारण व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को कानून व्यवस्था के प्रति सतर्कता बरतने और जनता से व्यवहार में संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के पश्चात डीआईजी चौहान ने “1000 लाइव्स” सड़क सुरक्षा अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने आम नागरिकों और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए तथा सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हेलमेट न सिर्फ कानूनी आवश्यकता है, बल्कि जीवन की रक्षा का सबसे प्रभावी साधन भी है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया भी उपस्थित रहे। एसपी सोमवंशी ने बताया कि “1000 लाइव्स” अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करना और लोगों में सुरक्षा का भाव जागृत करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

डीआईजी चौहान ने इस अवसर पर दमोह पुलिस द्वारा किए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की और बेहतर पुलिस-जन सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। 

उन्होंने कहा कि थानों में स्वच्छता, अनुशासन और त्वरित कार्रवाई की भावना बनी रहे, ताकि जनता का विश्वास और मजबूत हो। कार्यक्रम का समापन पुलिस एवं नागरिकों के संयुक्त संकल्प के साथ हुआ कि दमोह में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *