Spread the love

फर्जी किसान कर्जमाफी बताने पर पूर्व सीएम ने 27 लाख किसानों के आंकड़े शेयर किए
भोपाल । एमपी के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को भोपाल में सहकारी बैंकों की खराब आर्थिक स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर कमलनाथ सरकार की किसान कर्जमाफी को जिम्मेदार बताया था। सारंग ने कहा था कि 15 महीने की कांग्रेस सरकार में किसानों के ऋण माफी की फर्जी योजना लागू की गई। उसने सीधा प्रभाव हमारी पैक्स और बैंक पर डाला। उससे हमारी व्यवस्थाएं खराब हुई हैं, लेकिन ये डॉ. मोहन यादव की सरकार है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि अगले दो वर्षों में हम संपूर्ण बैंकों को सुचारू कर देंगे। सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के बयान पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने कर्जमाफी के जिलेवार आंकड़े शेयर करते हुए पलटवार किया। कमलनाथ ने एक्स पर लिखा- किसानों के साथ रात-दिन धोखा करने वाली भाजपा सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने मेरी सरकार के दौरान हुई किसान कर्ज माफी को लेकर सरासर झूठ बोला है। इस झूठ के लिए उन्हें मध्य प्रदेश की जनता और किसान भाइयों से माफी मांगनी चाहिए।
कमलनाथ ने आगे लिखा सच्चाई यह है कि कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही मैंने सबसे पहला काम किसानों की कर्जमाफी का किया था। कांग्रेस सरकार ने दो चरणों में 26, 95, 381 (लगभग 27 लाख) किसानों का 11,646.96 करोड़ रुपया का कर्ज माफ किया। किस जिले में कितने किसानों का कितना कर्ज माफ किया गया, इसकी सूची है। पूर्व सीएम ने लिखा कि अगर भारतीय जनता पार्टी छलपूर्वक कांग्रेस की सरकार गिराकर अपनी सरकार नहीं बनाती तो प्रदेश के बाकी किसानों का कर्ज भी माफ कर दिया जाता। बेहतर होगा झूठ और फरेब से प्रदेश की जनता को भ्रमित करने के बजाय भाजपा किसानों से किए गए वे वादे निभाए जो उसने चुनाव के समय किए थे।
झूठे दावों के बजाय किसानों के कल्याण पर ध्यान दे सरकार
कमलनाथ ने आगे लिखा- गेहूं और धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य का जो वादा भाजपा ने किया था, उसे आज तक पूरा नहीं किया है। प्रदेश के किसानों की आमदनी घटती जा रही है। रबी हो या खरीफ दोनों सीजन में प्रदेश का किसान खाद के लिए बुरी तरह परेशान है। बेहतर होगा कि झूठे दावे करने की बजाय भाजपा सरकार किसानों के कल्याण पर ध्यान दे और अगर वाकई कर्जमाफी के प्रति उसकी कोई संवेदनशीलता है तो प्रदेश के सभी किसानों का कर्ज तत्काल माफ करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *