Spread the love

दमोह। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” थीम के अंतर्गत दिनांक 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक “सड़क सुरक्षा माह” का आयोजन संपूर्ण प्रदेश में किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला दमोह में भी सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए विविध जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।

श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन एवं श्री सुजीत सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला दमोह के मार्गदर्शन में श्री दलवीर सिंह मार्को, थाना प्रभारी यातायात द्वारा निरंतर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही भी की जा रही है। इसी कड़ी में दिनांक 10.01.2026 को आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात जागरूकता रथ को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से श्री सुजीत सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला दमोह एवं श्री एच.आर. पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में भ्रमण करेगा, जहाँ पोस्टर, बैनर, ध्वनि प्रसारण एवं संदेशों के माध्यम से नागरिकों को— हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, पैदल यात्रियों एवं स्कूली बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला पुलिस दमोह द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *