
इन्दौर। क्राइम ब्रांच ने लाखों रूपए की ठगी के मामले में एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार कर लिया है जिसने खुद को बैंक मैनेजर बताकर बीमा पॉलिसी के नाम पर रिटायर्ड लोगों से लाखों की ठगी को अंजाम दिया। टीम ने उसका मोबाइल और अन्य बैंक दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं। एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया के अनुसार पीड़ित वीरेंद्रसिंह अरोड़ा ने शिकायत की थी आरोपी परमदीप सिंह ने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर उनके साथ ठगी की है। क्राइम ब्रांच ने शिकायत की जांच कर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी जिसमें सामने आया कि परमदीप सिंह ने उसकी एक अन्य साथी ममता तंवर के साथ मिलकर कई लोगों से इंश्योरेंस पॉलिसी दिलाने के नाम पर रकम वसूली। वह खुद को बैंक मैनेजर बताकर लोगों का भरोसा जीतता और प्रीमियम के नाम पर मोटी रकम ले लेता था। बाद में उन्हें न पॉलिसी दी जाती थी न रुपए वापस किए जाते थे। टीम को जांच में पता चला कि आरोपियों ने इस तरह वीरेंद्रसिंह अरोड़ा सहित महेश वर्मा, महेशचंद, शिवप्रसाद विश्वकर्मा, चंद्र सिंह, कैप्टन शिवचरण पंड्या और द्वारकादास सहित कई लोगों से लाखों रुपए ठगे। इन सभी पीड़ितों ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई । एडीसीपी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने साइबर साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर परमदीप सिंह को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक और अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद कर जब्त किए। फिलहाल उसको रिमांड पर लेकर उसके बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
