नोहटा में 05 से 15 फरवरी तक भव्य नोहलेश्वर महोत्सव का आयोजन
5 फरवरी को सांस्कृतिक चेतना यात्रा से होगा शुभारंभ .. 6-7 फरवरी को स्वास्थ्य शिविर होगा आयोजित

दमोह : नोहलेश्वर मंदिर परिसर, नोहटा जिला दमोह में 05 फरवरी से 15 फरवरी तक 10 दिवसीय नोहलेश्वर महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों का अनूठा संगम होगा। इस आशय की बात संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने नोहलेश्वर महोत्सव के संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान व्यक्त की।

राज्यमंत्री श्री लोधी ने बताया महोत्सव का शुभारंभ 05 फरवरी को सांस्कृतिक चेतना यात्रा से होगा। इस अवसर पर पारंपरिक बुन्देली दिवारी नृत्य सहित विभिन्न लोक नृत्यों की 70 टोलियां, लगभग 1000 कलाकारों की सहभागिता के साथ नोहटा नगर भ्रमण करते हुए महोत्सव स्थल पहुंचेंगी। दस दिवसीय महोत्सव में 1000 से 1500 स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा। इनमें एकल गायन, सामूहिक गायन, नृत्य प्रस्तुतियां शामिल होंगी।उन्होने बताया महोत्सव के साथ-साथ विशाल मेले का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें हॉट एयर बैलून,जलपरी शो, बच्चों के झूले, मौत का कुआं, स्पंजिंग जंप, मिक्की माउस, भूत बंगला, एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां साथ ही विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी आमजन के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

महोत्सव के दौरान विशेष शिविरों का आयोजन
राज्यमंत्री श्री लोधी ने बताया 06-07 फरवरी को स्वास्थ्य शिविर में 100 विशेषज्ञों की टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा, जिससे लगभग बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित होंगे। 08 फरवरी को महिला सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण को लेकर विशाल महिला सम्मेलन का आयोजन होगा। 09 फरवरी को युवा संगम एवं रोजगार मेला में प्रतिष्ठित कंपनियों की सहभागिता से 2000 पदों पर रोजगार के अवसर प्राप्त होगा। दिव्यांग शिविर में विशेषज्ञ परीक्षण के बाद सहायक उपकरणों का वितरण होगा। 10 फरवरी को विधानसभा स्तरीय संकल्प से समाधान शिविर में विभिन्न जनसमस्याओं का समाधान किए जायेगे। 11 फरवरी को जनजातीय सम्मेलन एवं पारंपरिक खेलो का आयोजन होगा। 12 फरवरी को विशाल किसान सम्मेलन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में आयोजित होगा साथ ही पशुपालन एवं कृषि यंत्र कार्यशाला एवं उन्नत खेती पर विशेषज्ञों की कार्यशाला आयोजित होगी। पुरातत्व विभाग की संग्रहालय प्रदर्शनी एवं विभिन्न समाजों के महापुरुषों की प्रदर्शनी को भी समाहित किया जावेगा।
उन्होने बताया 06 फरवरी से 15 फरवरी तक 150 स्थानीय प्रस्तुतियों एवं 11 फरवरी से 15 फरवरी तक राष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त कलाकारों जैसे-कैलाश खेर, अभिलिप्सा पांडा, पुनीत इस्सर एवं ग्रुप, हरिओम पवार एवं ग्रुप, आशा वैष्णव की प्रस्तुतियाँ होगी साथ में एक दिवसीय कवि सम्मेलन रहेगा। महोत्सव एवं मेले के दौरान मध्यप्रदेश शासन के मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। महोत्सव मेला में आजीविका मिशन के साथ विभिन्न विभाग हर्बल, औषधीय, जैविक कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय के स्टॉल भी सम्मिलित रहेंगे। महोत्सव एवं मेला के दौरान ब्लड डोनेशन कैम्प भी किया जाना सुनिश्चित किया गया है। इस अवसर पर मेले के संयोजक सत्येंद्र सिंह लोधी ने मेले के आयोजन के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, मेले के संयोजक सत्येंद्र सिंह लोधी, मीडिया प्रभारी राहुल जैन मौजूद रहे।
