Spread the love

नई दिल्ली। अभिनेता मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ अपने टीजर रिलीज के साथ ही विवादों में आ गई है। फिल्म के शीर्षक को लेकर ब्राह्मण समाज में नाराजगी देखी जा रही है और देश के कई राज्यों में इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग उठ रही है। अब इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने अहम निर्देश देते हुए नेटफ्लिक्स समेत सभी प्लेटफॉर्म से फिल्म से जुड़ी पूरी प्रचार सामग्री हटाने को कहा है।दिल्ली हाईकोर्ट ने यह निर्देश अधिवक्ता विनीत जिंदल द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया। याचिका में दावा किया गया कि फिल्म का शीर्षक ‘घूसखोर पंडत’ ब्राह्मण समुदाय की गरिमा, प्रतिष्ठा और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।

सभी प्रचार सामग्री, जैसे- टीजर, पोस्टर और प्रमोशनल कंटेंट को डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने का आदेश

याचिकाकर्ता का कहना था कि ‘पंडित’ शब्द का इस तरह का प्रयोग जानबूझकर अपमानजनक है और इससे एक पूरे समुदाय को नकारात्मक रूप में पेश किया गया है। कोर्ट के निर्देश के बाद फिल्म से जुड़ी सभी प्रचार सामग्री, जैसे- टीजर, पोस्टर और प्रमोशनल कंटेंट को डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने का आदेश दिया गया है। इस फैसले के बाद फिल्म को लेकर चल रहा विवाद और गहरा गया है।
वहीं, फिल्म के निर्देशक नीरज पांडे ने बढ़ते विवाद पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि फिल्म का उद्देश्य किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करना नहीं है। उन्होंने लिखा कि ‘घूसखोर पंडत’ एक काल्पनिक पुलिस ड्रामा है और ‘पंडित’ शब्द का इस्तेमाल केवल एक काल्पनिक किरदार के उपनाम के तौर पर किया गया है। फिल्म की कहानी किसी जाति, धर्म या समुदाय पर टिप्पणी नहीं करती, बल्कि एक व्यक्ति के फैसलों और उसके कर्मों पर केंद्रित है।
नीरज पांडे ने आगे कहा कि एक फिल्म निर्माता के रूप में वह अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि फिल्म के शीर्षक से कुछ दर्शकों को ठेस पहुंची है और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए फिलहाल सभी प्रचार सामग्री हटाने का निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि फिल्म को पूरी तरह देखने के बाद ही उसके संदर्भ को समझा जाना चाहिए, न कि केवल टीजर या नाम के आधार पर।
फिलहाल, ‘घूसखोर पंडत’ सीधे नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है, हालांकि इसकी रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। विवादों के बीच फिल्म की आगे की राह पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *