Spread the love

यह बजट युवाओं के सपनों को पंख देने वाला – भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे

गरीब-किसान-युवा-महिला-मध्यम वर्ग को सशक्त करने वाला ऐतिहासिक बजट – श्रीमती वाल्मीकि राज्यसभा सांसद
दमोह – केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में वन, पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला महामंत्री रामेश्वर चौधरी, जिला उपाध्यक्ष संजय सेन एवं जिला मीडिया प्रभारी एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रिंस जैन ने बजट को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की नींव रखने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज बताया।
पत्रकार वार्ता में राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि आने वाले 25 वर्षों के भारत का विजन डॉक्यूमेंट है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की नीति को मजबूती देता है। बजट में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, एमएसएमई, स्टार्टअप, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा और ग्रीन एनर्जी पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। किसानों की आय बढ़ाने, पशुपालन को मजबूती देने, राष्ट्रीय फाइबर मिशन, सेमीकंडक्टर निर्माण, नए औद्योगिक और केमिकल पार्क तथा ग्रीन टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा रहा है।
राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 महिला सशक्तिकरण का स्वर्णिम अध्याय है। प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास की स्थापना, महिला उद्यमियों के लिए 10,000 करोड़ रुपये का एसएमई ग्रोथ फंड, लखपति दीदी योजना का विस्तार, 1.5 लाख केयरगिवर्स और 1 लाख आशा/एएचपी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण जैसे निर्णय महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाएंगे। यह बजट महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन की गारंटी देता है।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों को पंख देने वाला है।
उन्होंने बताया कि स्किल इंडिया, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी में युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार किया जाएगा। शिक्षा से रोजगार और उद्यम को जोड़ने की नीति से देश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। मध्यम वर्ग को इस बजट में बड़ी राहत दी गई है। जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क में कटौती, स्वास्थ्य सेवाओं को सस्ता करना, टीडीएस प्रक्रिया को सरल बनाना और विदेश यात्रा पर टीसीएस घटाना आम परिवारों की आर्थिक चिंता कम करेगा।

नेताओं ने कहा कि GYAN – गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के सशक्तिकरण पर केंद्रित यह बजट सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच के साथ सरकार के प्रयासों में सहभागी बनें और राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *