नोहलेश्वर महोत्सव नोहटा में महिला सम्मेलन में चार लाडली लक्ष्मी बालिकाओं को प्रमाण पत्र

उल्लेखनीय कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र
दमोह : जिले के नोहटा स्थित पावन नोहलेश्वर धाम में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। नोहलेश्वर महोत्सव के दौरान महिला सशक्तिकरण विषय पर महिला सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रमाण पत्र एवं हितलाभ प्रदान किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग,आजीविका मिशन तथा लोक स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में पांच बालिकाओं का कन्या पूजन किया गया तत्पश्चात् मंच से चार लाडली लक्ष्मी बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। महिला बाल विकास जबेरा एवं तेंदूखेड़ा अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अच्छा कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को भी पुरस्कृत किया।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने महिला सशक्तिकरण के संबंध में शासन द्वारा किए जा रहे प्रयास एवं उसकी योजनाओं जैसे लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना ,लाडली बहना योजना, आजीविका मिशन की ओर से दिए जाने वाले लोन, प्रसूति सहायता योजना आदि के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।

सम्मेलन में लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना एवं स्वसहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से जबेरा विधानसभा क्षेत्र की 65 हजार से अधिक महिलाओं को नियमित रूप से राशि खातों में डाली जा रही है। साथ ही महिलाओं को विभिन्न चुनावों एवं सरकारी सेवाओं में आरक्षण की व्यवस्था कर निर्णय-निर्माण की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
