Spread the love


भोपाल। चिकित्सा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में, एम्स भोपाल के जनरल सर्जरी विभाग ने छह घंटे चली जटिल सर्जरी के द्वारा से 14.5×15 सेमी आकार के पुनरावर्ती पैपिलरी सिस्टिक नियोप्लाज्म को सफलतापूर्वक हटाया। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक, प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह ने सर्जरी की सफलता पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, यह जटिल और जीवनरक्षक सर्जरी एम्स भोपाल के चिकित्सा विशेषज्ञों के कौशल और समर्पण को दर्शाती है। हमारी टीम ने अत्यधिक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उन्नत तकनीक और सटीकता के साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। हम उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने और चिकित्सा उत्कृष्टता की सीमाओं को पार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
45 वर्षीय एक महिला पहले भी इस ट्यूमर के लिए किसी अन्‍य अस्‍पताल में सर्जरी करा चुकी थी, लेकिन ट्यूमर फिर से उभर आया और बड़ा हो गया, जिससे इसे हटाना और भी कठिन हो गया। ट्यूमर पेट, बड़ी आंत और बाईं रीनल वेन जैसी महत्वपूर्ण अंगों से चिपका हुआ था, जिससे सर्जरी के दौरान इन अंगों को नुकसान पहुंचाए बिना इसे निकालने की आवश्यकता थी।
इस जटिल सर्जरी में अग्न्याशय के हिस्से और तिल्ली को निकाला जाता है, प्रोफेसर डॉ. मनीष स्वर्णकार के नेतृत्व में, डॉ. मूरत सिंह यादव और डॉ. सूर्या जैन की टीम द्वारा यह सर्जरी की गई। डॉ. मनीष स्वर्णकार ने कहा, यह एक साधारण मामला नहीं था। ट्यूमर का बड़ा आकार और इसके आस-पास के अंगों से जुड़ा होना इसे अत्यधिक जटिल बना रहा था। हालांकि, एम्स भोपाल में हमारी टीम के समन्वित प्रयासों और उन्नत तकनीक की मदद से हमने इन चुनौतियों को पार कर लिया। रोगी की स्थिति स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।
इस सर्जरी में ट्यूमर को आसपास के अंगों से सावधानीपूर्वक अलग किया गया ताकि ऊतकों को न्यूनतम क्षति हो। ट्यूमर को पूरी तरह से हटाने के लिए डिस्टल पैंक्रियाटेक्टॉमी और स्प्लेनेक्टॉमी करना आवश्यक था ताकि भविष्य में पुनरावृत्ति और जटिलताओं से बचा जा सके। ऐसे दुर्लभ ट्यूमर, जिन्हें सॉलिड स्यूडोपैपिलरी ट्यूमर के रूप में भी जाना जाता है, को शल्य चिकित्सा द्वारा सफलतापूर्वक प्रबंधित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *