ईदुज्जुहा पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न
कलेक्टर श्री यादव ने दिलाई सद्भाव और सामाजिक समरसता की शपथ


दमोह : गंगा जमुना तहजीब से जिले में त्यौहारो को भाईजारे से मनाते आ रहे है, इस बार भी सभी मिलकर त्यौहार मनायेगे। यह बात जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में सम्मानीय सदस्यो ने एक स्वर में कहा। यह बैठक आगामी ईदुज्जुहा पर्व के मद्देनजर अयोजित की गई थी। बैठक में दमोह विधायक एवं पूर्व मंत्री जयंत कुमार मलैया, भाव सिंह लोधी मासाब, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सहित सम्मानीय शांति समिति के सदस्यगण पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
जिले में वर्षों से सभी समुदाय आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ अपने-अपने त्योहार मनाते आ रहे हैं। जिले में हिंदू, मुस्लिम, सिख, जैन सहित सभी समाजों के पर्व हमेशा शांतिपूर्ण और निर्विघ्न रूप से संपन्न होते रहे हैं, जिले में सामाजिक समरसता की मजबूत परंपरा रही है और यहां सभी समुदायों के बीच बेहतर तालमेल बना हुआ है। यह बात दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने आज कलेक्टर कार्यालय में आयोजित शांति समिति की बैठक में कही।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि हमारा समाज भाईचारा, प्रेम, सद्भाव और विश्वास की नींव पर टिका हुआ है तथा इन मूल्यों को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि शांति समिति की बैठक का उद्देश्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना तथा संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करना है। कलेक्टर श्री यादव ने सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समय पूर्व पूर्ण करें। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलतफहमी की स्थिति में आपसी संवाद और सामंजस्य के माध्यम से समाधान निकालें। उन्होंने कहा “जहां संवाद होता है, वहां विवाद स्वतः समाप्त हो जाते हैं, जैसे प्रकाश होने पर अंधकार समाप्त हो जाता है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि न तो किसी गलतफहमी में आएं और न ही किसी प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाएं।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा 28 जून को होने वाले बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला स्तरीय शांति समिति बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी समिति सदस्यों ने भाग लिया। जिले के 17 से 18 ईदगाह मैदानों एवं मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। उन्होने कहा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी ईदगाह, मस्जिद और कब्रिस्तानों पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम एवं आसूचना तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। अफवाह, फेक न्यूज़ एवं सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों में थाना स्तरीय शांति समिति बैठकों का आयोजन किया जाएगा। आगामी दिनों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च एवं संवेदनशील क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई भी की जाएगी।
