Spread the love

नई दिल्ली। शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और परीक्षा विवादों को लेकर उभरे युवा आंदोलन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 11 जून को पुणे में बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को और मजबूत करना है।
सीजेपी का आरोप है कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में हुई कथित गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। संगठन का कहना है कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इससे पहले 6 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी ने प्रदर्शन किया था, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया था। प्रदर्शन के दौरान संगठन ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई और शिक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की थी। आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने पर भी जोर दिया गया था। अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि उनका आंदोलन लोकतांत्रिक और अहिंसक रहेगा। उन्होंने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है। वहीं, संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो देशभर में आंदोलन का विस्तार किया जाएगा। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस आंदोलन को युवाओं के बढ़ते असंतोष की अभिव्यक्ति के रूप में देखा जा रहा है, जिसने हाल के दिनों में राष्ट्रीय स्तर पर काफी चर्चा बटोरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *