Spread the love

एनओसी दिलाने के नाम पर मांगी थी घूस
जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस ने बरगी क्षेत्र के ग्राम तिनसी में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए ग्राम रोजगार सहायक को 19 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी आबादी की जमीन पर मकान निर्माण के लिए एनओसी दिलाने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। कार्रवाई ग्राम पंचायत भवन तिनसी में की गई।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटेल ने बताया कि ग्राम तिनसी निवासी 36 वर्षीय राजकुमारी परस्ते ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह आबादी की जमीन पर मकान बनाने के लिए पट्टा दिलाने की प्रक्रिया के संबंध में ग्राम रोजगार सहायक 41 वर्षीय दिलीप कुमार साहू से मिली थी। इस दौरान आरोपी ने कहा कि फिलहाल पट्टा नहीं मिलेगा, केवल एनओसी जारी होगी और इसके लिए 20 हजार रुपये देने होंगे, तभी काम किया जाएगा।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान आरोपी ने मोलभाव करते हुए रिश्वत की राशि 20 हजार से घटाकर 19 हजार रुपये कर दी और रकम लेने के लिए तैयार हो गया।
पूर्व नियोजित योजना के तहत सोमवार को लोकायुक्त की टीम ने ग्राम पंचायत भवन तिनसी में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी दिलीप कुमार साहू ने शिकायतकर्ता से 19 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति के नेतृत्व में निरीक्षक राहुल गजभिये तथा लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *